BREAKING : गौवंश काटने की सूचना पर शहर के गाड़ा पारा में बवाल… - vedantsamachar.in

BREAKING : गौवंश काटने की सूचना पर शहर के गाड़ा पारा में बवाल…

धमतरी,11 जून (वेदांत समाचार)। शहर के साल्हेवार पारा वार्ड स्थित गाड़ा पारा में कथित रूप से गौवंश का मांस काटे जाने की सूचना से गुरुवार को क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी फैलते ही हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए और मामले को लेकर आक्रोश व्यक्त करते हुए दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गली के भीतर स्थित एक स्थान पर बड़ी मात्रा में कटा हुआ मांस मिलने का दावा किया गया।

सूचना मिलते ही स्थानीय नागरिकों और हिंदू संगठनों के सदस्य घटनास्थल पर पहुंच गए, जिससे वहां लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। घटना को लेकर क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बन गया। बताया जा रहा है कि, मामले में संलिप्त बताए जा रहे व्यक्ति को घटना की भनक लगते ही वह मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस तत्काल घटनास्थल पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर पुलिस अधीक्षक अभिषेक चतुर्वेदी भी मौके पर पहुंचे तथा अधिकारियों से जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस ने घटनास्थल से मिले संदिग्ध मांस एवं अन्य सामग्री को अपने कब्जे में लेकर जांच प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है। साथ ही फरार संदिग्ध की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।