मुलमुला पुलिस की बड़ी सफलता: 24 घंटे में दो फरार आरोपी गिरफ्तार, पॉक्सो और छेड़छाड़ के मामलों में भेजे गए जेल - vedantsamachar.in

मुलमुला पुलिस की बड़ी सफलता: 24 घंटे में दो फरार आरोपी गिरफ्तार, पॉक्सो और छेड़छाड़ के मामलों में भेजे गए जेल

जांजगीर-चांपा, 10 जून (वेदांत समाचार)। जिले की मुलमुला पुलिस ने दो अलग-अलग गंभीर मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर दो फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में अपराध नियंत्रण की दिशा में बड़ी सफलता माना जा रहा है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पहले मामले में एक युवक द्वारा नाबालिग बालिका की अश्लील फोटो और वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर वायरल कर उसे बदनाम करने तथा उसके परिवार को धमकी देने का मामला सामने आया था। पीड़िता की शिकायत पर थाना मुलमुला में अपराध क्रमांक 153/2026 के तहत आईटी एक्ट की धारा 67, 67(ए), भारतीय न्याय संहिता की धारा 79 तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 8 और 12 के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी निलेश भैना (21 वर्ष) निवासी नगारीडीह, थाना शिवरीनारायण को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

वहीं दूसरे मामले में एक युवती ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आधी रात एक युवक उसके घर में घुस आया और उसके साथ छेड़छाड़ करने लगा। युवती के शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गया था। शिकायत के आधार पर थाना मुलमुला में अपराध क्रमांक 204/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(2), 74 और 75(1) के अंतर्गत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी शुभम दास (20 वर्ष) निवासी ग्राम जोगीडीपा को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक पारस पटेल के नेतृत्व में गठित टीम ने दोनों मामलों में तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपियों को उनके घरों से गिरफ्तार किया। पुलिस ने दोनों मामलों में आईटी एक्ट, पॉक्सो एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई कर आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी पारस पटेल, उप निरीक्षक प्रमोद महार, प्रधान आरक्षक बलबीर सिंह तथा आरक्षक सनीहर जगत और मनभावन पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।