Korba breaking:मड़वारानी पहाड़ पर युवक का शव फंदे से लटका मिला, पत्नी से विवाद के बाद था तनाव में - vedantsamachar.in

Korba breaking:मड़वारानी पहाड़ पर युवक का शव फंदे से लटका मिला, पत्नी से विवाद के बाद था तनाव में

कोरबा,07 जून (वेदांत समाचार)। जिले के उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत प्रसिद्ध मड़वारानी पहाड़ पर रविवार सुबह एक युवक का शव पेड़ से फंदे पर लटका मिलने से सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। मृतक की पहचान ग्राम जर्वे निवासी 32 वर्षीय सिमरन कुमार सांडे के रूप में हुई है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार सिमरन कुमार शनिवार शाम करीब 7 बजे अपनी बाइक लेकर घर से निकला था। देर रात तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।

रविवार सुबह मड़वारानी पहाड़ स्थित मंदिर में दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं की नजर एक पेड़ पर फंदे से लटके युवक के शव पर पड़ी। घटना की जानकारी तत्काल उरगा पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल के समीप मृतक की बाइक भी खड़ी मिली। पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

परिजनों ने पुलिस को बताया कि कुछ दिन पहले सिमरन का अपनी पत्नी से विवाद हो गया था। विवाद के बाद उसकी पत्नी अपने चार वर्षीय बेटे को लेकर मायके चली गई थी। बताया जा रहा है कि इसी बात को लेकर वह काफी परेशान और मानसिक तनाव में था। परिवार ने भी पुलिस को पारिवारिक विवाद की जानकारी दी है। हालांकि युवक द्वारा यह कदम उठाने के पीछे की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। परिजनों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं।

युवक की असमय मौत से जर्वे गांव में शोक की लहर है। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक अपने पीछे पत्नी और चार वर्षीय पुत्र को छोड़ गया है। घटना के बाद परिजन गहरे सदमे में हैं।