जांजगीर-चांपा: ब्लैकमेलिंग से परेशान युवक ने खाया जहर, अकलतरा पुलिस ने महिला आरोपी को राजनांदगांव से किया गिरफ्तार - vedantsamachar.in

जांजगीर-चांपा: ब्लैकमेलिंग से परेशान युवक ने खाया जहर, अकलतरा पुलिस ने महिला आरोपी को राजनांदगांव से किया गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा, 07 जून (वेदांत समाचार)। जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र में ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर एक युवक द्वारा जहर सेवन करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए महिला आरोपी को राजनांदगांव से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी महिला युवक के निजी फोटो वायरल करने की धमकी देकर लगातार पैसों की मांग कर रही थी। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मोबाइल फोन भी जब्त किया है।

मामले की शिकायत मिलने के बाद अकलतरा पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। पीड़ित युवक ने पुलिस को बताया कि राजनांदगांव जिले की रहने वाली एक महिला उसे निजी और आपत्तिजनक फोटो सार्वजनिक करने की धमकी देकर पैसों की मांग कर रही थी। लगातार मानसिक प्रताड़ना और ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर युवक ने कीटनाशक का सेवन कर लिया। युवक पिछले सात दिनों से बिलासपुर के एक अस्पताल में भर्ती है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

पुलिस जांच में यह तथ्य सामने आया कि पीड़ित और आरोपी महिला एक-दूसरे को पहले से जानते थे। करीब 12 से 15 दिनों से महिला आरोपी युवक के निजी फोटो उसके और उसके परिवार के मोबाइल नंबरों पर भेजकर ब्लैकमेल कर रही थी। साथ ही पैसे नहीं देने पर इंस्टाग्राम पर फोटो वायरल करने की धमकी भी दी जा रही थी। इसी दबाव और मानसिक तनाव के चलते युवक ने आत्महत्या का प्रयास किया।

प्रकरण में थाना अकलतरा में अपराध क्रमांक 314/2026 के तहत धारा 308(2) भारतीय न्याय संहिता (BNS) एवं आईटी एक्ट की धारा 67 के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस टीम ने राजनांदगांव पहुंचकर आरोपी महिला को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसका मोबाइल जब्त कर विधिवत गिरफ्तार किया गया। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा, उप निरीक्षक विनोद जटवार, प्रशिक्षु उप निरीक्षक दिव्या कुर्रे तथा आरक्षक राजा रात्रे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।