कोरबा-कटघोरा मार्ग पर भीषण सड़क हादसा: दो ट्रेलरों की टक्कर में चालक केबिन में फंसा, रेस्क्यू कर सुरक्षित निकाला गया - vedantsamachar.in

कोरबा-कटघोरा मार्ग पर भीषण सड़क हादसा: दो ट्रेलरों की टक्कर में चालक केबिन में फंसा, रेस्क्यू कर सुरक्षित निकाला गया

कोरबा, 07 जून (वेदांत समाचार)। कोरबा-कटघोरा मुख्य मार्ग पर रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। छुरी के पास दो ट्रेलरों के बीच हुई जोरदार टक्कर से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में एक ट्रेलर का चालक केबिन के अंदर बुरी तरह फंस गया, जिसे पुलिस और 112 की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सुरक्षित बाहर निकाला।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोरबा से कटघोरा की ओर जा रहे एक ट्रेलर को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पीछे वाले ट्रेलर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में फंस गया। दुर्घटना के बाद सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आसपास मौजूद लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। चालक को सुरक्षित निकालने के लिए तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। बचाव दल ने दूसरी भारी वाहन की मदद से क्षतिग्रस्त ट्रेलर को टोचन कर हटाया और करीब 15 मिनट की मशक्कत के बाद केबिन में फंसे चालक को बाहर निकाला।

रेस्क्यू के दौरान पुलिस और आपातकालीन सेवा के कर्मचारियों ने सूझबूझ और तत्परता का परिचय दिया, जिससे चालक की जान बचाई जा सकी। बाहर निकालने के बाद घायल चालक को प्राथमिक उपचार दिया गया और आगे के इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटघोरा भेजा गया, जहां उसका उपचार जारी है।

हादसे के कारण कुछ समय के लिए कोरबा-कटघोरा मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात को सामान्य कराया। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण तेज रफ्तार और पर्याप्त दूरी न बनाए रखना माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।