कोरबा। विश्व पर्यावरण दिवस 2026 के अवसर पर अदानी कोरबा पावर लिमिटेड (केपीएल) में विश्व पर्यावरण सप्ताह का शुभारंभ ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के साथ किया गया। पर्यावरण संरक्षण, जलवायु परिवर्तन से मुकाबला और हरित विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित इस अभियान के तहत प्लांट परिसर में पौधरोपण कर कर्मचारियों, संविदा श्रमिकों और स्थानीय नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।
इस वर्ष विश्व पर्यावरण दिवस की थीम “प्रकृति से प्रेरित जलवायु संरक्षण—हमारे भविष्य के लिए” रखी गई है। कार्यक्रम का आयोजन केपीएल के चीफ बिजनेस ऑफिसर समीर कुमार मित्रा तथा अदानी पावर के पर्यावरण एवं फॉरेस्ट प्रमुख आर.एन. शुक्ला के मार्गदर्शन में किया गया। इस अवसर पर परियोजना प्रमुख सी.वी.के. प्रसाद, ओएंडएम हेड मूल रवि सहित सभी विभागाध्यक्ष और कर्मचारी उपस्थित रहे।
विश्व पर्यावरण सप्ताह के उद्घाटन अवसर पर परियोजना प्रमुख सी.वी.के. प्रसाद ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारा नैतिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान प्रकृति और मातृत्व के प्रति सम्मान व्यक्त करने का एक सार्थक प्रयास है। यदि प्रत्येक व्यक्ति एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प ले, तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा बदलाव लाया जा सकता है।

ओएंडएम हेड मूल रवि ने कहा कि जलवायु परिवर्तन आज वैश्विक चिंता का विषय है और इससे निपटने के लिए उद्योगों, संस्थानों तथा आम नागरिकों को मिलकर कार्य करना होगा। पर्यावरण सप्ताह के दौरान आयोजित गतिविधियां कर्मचारियों, उनके परिवारों और स्थानीय समुदाय में पर्यावरण जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
केपीएल द्वारा 5 जून से 15 जून तक विश्व पर्यावरण सप्ताह मनाया जा रहा है। इस दौरान 6, 9 और 15 जून को सामूहिक वृक्षारोपण अभियान चलाकर करीब 1500 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। वहीं 8 जून को पर्यावरण विषयक क्विज प्रतियोगिता, 10 जून को कॉलोनी के बच्चों के लिए “सेव क्लाइमेट, सेव फ्यूचर” विषय पर चित्रकला एवं ड्राइंग प्रतियोगिता तथा 12 जून को महिलाओं के लिए पर्यावरण जागरूकता क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। विश्व पर्यावरण सप्ताह का समापन 15 जून को विशेष समारोह के साथ होगा।
कार्यक्रम का सफल संचालन पर्यावरण विभाग द्वारा किया गया। आयोजन को सफल बनाने में आलोक मिश्रा, कंवर पाल मलिक और सदानंद पांडा का विशेष योगदान रहा। इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

