ग्राम करही में खुला पुलिस सहायता केंद्र, अब 24 घंटे मिलेगी त्वरित पुलिस मदद; एसपी विजय कुमार पाण्डेय ने किया शुभारंभ - vedantsamachar.in

ग्राम करही में खुला पुलिस सहायता केंद्र, अब 24 घंटे मिलेगी त्वरित पुलिस मदद; एसपी विजय कुमार पाण्डेय ने किया शुभारंभ

जांजगीर-चांपा, 05 जून 2026। जिले के बिर्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम करही में बढ़ते अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण और ग्रामीणों को त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए पुलिस विभाग ने शुक्रवार को नए पुलिस सहायता केंद्र का शुभारंभ किया। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने विधिवत फीता काटकर केंद्र का उद्घाटन किया। इस अवसर पर शक्ति जिले के पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप, संयुक्त कलेक्टर शक्ति अरुण सोम, बिर्रा सरपंच, करही सरपंच सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

उद्घाटन समारोह के दौरान पुलिस अधिकारियों ने कहा कि ग्राम करही और आसपास के क्षेत्रों में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से इस सहायता केंद्र की स्थापना की गई है। इसके संचालन से क्षेत्र में अपराधों पर प्रभावी निगरानी रखी जा सकेगी तथा ग्रामीणों को किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस सहायता उपलब्ध होगी।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने अपने संबोधन में कहा कि पुलिस सहायता केंद्र के शुरू होने से लोगों को छोटी-बड़ी घटनाओं की सूचना देने या पुलिस सहायता प्राप्त करने के लिए दूरस्थ थाना या चौकी तक जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। अब स्थानीय स्तर पर ही पुलिस की उपलब्धता सुनिश्चित होगी, जिससे शिकायतों का त्वरित निराकरण संभव हो सकेगा। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में यह केंद्र महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

पुलिस विभाग के अनुसार सहायता केंद्र में चौबीसों घंटे पुलिस बल की तैनाती रहेगी। इससे क्षेत्र में होने वाली गतिविधियों पर सतत निगरानी रखी जा सकेगी और किसी भी आपराधिक घटना पर तत्काल कार्रवाई संभव होगी। अधिकारियों का मानना है कि पुलिस की निरंतर मौजूदगी से असामाजिक तत्वों में कानून का भय बढ़ेगा तथा अपराधों में कमी आएगी।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने नवस्थापित सहायता केंद्र का निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान स्टाफ को आम नागरिकों के साथ संवेदनशील और सकारात्मक व्यवहार करने, प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेने तथा त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि पुलिस की प्राथमिकता जनता का विश्वास जीतना और उन्हें बेहतर सुरक्षा प्रदान करना है।

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर उद्घाटन कार्यक्रम को पर्यावरण संरक्षण से भी जोड़ा गया। पुलिस सहायता केंद्र परिसर में पुलिस अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों द्वारा बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण किया गया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प लिया गया।

ग्राम करही में पुलिस सहायता केंद्र की स्थापना को ग्रामीणों ने क्षेत्र के लिए बड़ी सौगात बताया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अब पुलिस सहायता आसानी से उपलब्ध होने से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी और ग्रामीणों में सुरक्षा की भावना बढ़ेगी। पुलिस विभाग की इस पहल से क्षेत्र में कानून व्यवस्था को नई मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।