ऑपरेशन क्लीन हंट में रायगढ़ पुलिस की बड़ी सफलता, ट्रेलर लूटकांड का फरार आरोपी कोरबा से गिरफ्तार - vedantsamachar.in

ऑपरेशन क्लीन हंट में रायगढ़ पुलिस की बड़ी सफलता, ट्रेलर लूटकांड का फरार आरोपी कोरबा से गिरफ्तार

रायगढ़, 03 जून 2026 (वेदांत समाचार)। रायगढ़ पुलिस ने जिले में फरार आरोपियों और वारंटियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। बहुचर्चित हुंकराडीपा ट्रेलर लूटकांड में पिछले 10 महीने से फरार चल रहे आरोपी अजय गोस्वामी (32) को कोरबा जिले के कुसमुंडा क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर रायगढ़ लाया गया है, जहां पूछताछ में उसने अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में थाना तमनार पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को उसके घर से दबोचा। आरोपी के खिलाफ न्यायालय से गिरफ्तारी वारंट भी जारी था।

पुलिस के अनुसार अजय गोस्वामी अपने पिता, भाइयों और अन्य साथियों के साथ मिलकर ट्रेलर लूटकांड में शामिल था। कुल नौ आरोपियों के गिरोह ने पांच ट्रेलर वाहनों को निशाना बनाते हुए लूटपाट की थी और वाहनों को ओडिशा में छिपाकर रखा था। घटना के बाद रायगढ़ पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि अजय गोस्वामी और एक अन्य आरोपी फरार हो गए थे।

फरारी के दौरान पुलिस ने आरोपी की तलाश में कई बार दबिश दी, लेकिन वह लगातार ठिकाने बदलकर गिरफ्तारी से बचता रहा। ऑपरेशन क्लीन हंट के तहत थाना प्रभारी तमनार निरीक्षक प्रशांत राव ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया था। इसी दौरान सूचना मिली कि आरोपी अपने गांव पहुंचा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम कोरबा रवाना हुई और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

मामला 18 अगस्त 2025 का है, जब रायगढ़ निवासी संजय पटेल ने थाना तमनार में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि उन्होंने एसबीआई कोरबा शाखा से नीलामी में चार ट्रेलर वाहन खरीदे थे, जो सुगोई ट्रांसपोर्ट में संचालित हो रहे थे। 18 अगस्त की रात तमनार क्षेत्र के हुंकराडीपा के पास अज्ञात बदमाशों ने एक ट्रेलर को लूट लिया था। आरोपियों ने चालक और अन्य ड्राइवरों के साथ मारपीट कर उनके मोबाइल फोन भी छीन लिए थे।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि घटना का मुख्य षड्यंत्रकारी ट्रेलरों का पूर्व मालिक अमन गोस्वामी था। इसके बाद थाना तमनार में अपराध क्रमांक 170/2025 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।

रायगढ़ पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ओडिशा के हमीरपुर क्षेत्र में दबिश दी, जहां एक पेट्रोल पंप के पास खेत में छिपाकर रखे गए चारों ट्रेलर बरामद किए गए। जांच में सामने आया कि आरोपी स्विफ्ट डिजायर कार और कैम्पर वाहन का उपयोग कर सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम देने पहुंचे थे। मामले में पांच से अधिक आरोपियों की संलिप्तता पाए जाने पर डकैती से संबंधित गंभीर धाराएं भी जोड़ी गईं।

पुलिस ने आरोपियों के मेमोरेंडम के आधार पर चार ट्रेलर वाहन, चार मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार बरामद की थी। बरामद संपत्ति की कुल कीमत 1 करोड़ 56 लाख 24 हजार रुपये आंकी गई है।

इस मामले में पूर्व में अमन गोस्वामी, नारद गोस्वामी, जितेंद्र गिरी, मनीष प्रकाश केंवट, लेखराम केंवट, रामरतन पटेल और कुंजराम पटेल सहित सात आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। अब अजय गोस्वामी की गिरफ्तारी के बाद केवल एक आरोपी की तलाश शेष है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए ऑपरेशन क्लीन हंट आगे भी जारी रहेगा। आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी तमनार निरीक्षक प्रशांत राव के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक हेम प्रकाश सोन, महिला प्रधान आरक्षक सुदो भगत और आरक्षक पुरुषोत्तम सिदार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।