अवैध शराब बिक्री पर सिटी कोतवाली पुलिस की कार्रवाई, 90 पाव देशी शराब के साथ युवक गिरफ्तार - vedantsamachar.in

अवैध शराब बिक्री पर सिटी कोतवाली पुलिस की कार्रवाई, 90 पाव देशी शराब के साथ युवक गिरफ्तार

बिलासपुर 3 जून 2026 (वेदांत समाचार) । जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत सिटी कोतवाली पुलिस ने अवैध रूप से शराब बिक्री करने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 90 पाव देशी प्लेन शराब बरामद की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 7,200 रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि पचरीघाट केंवटपारा क्षेत्र में एक युवक अवैध रूप से देशी शराब रखकर बिक्री कर रहा है। सूचना के आधार पर सिटी कोतवाली पुलिस ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में बताए गए स्थान पर दबिश दी और कार्रवाई की।

पुलिस टीम ने मौके से राहुल केंवट (19 वर्ष), निवासी केंवटपारा पचरीघाट को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से 90 पाव देशी प्लेन शराब बरामद हुई, जो कुल 16.200 बल्क लीटर बताई जा रही है। पुलिस ने सभी शराब जब्त कर ली। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। कार्रवाई के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध शराब और नशे के कारोबार पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में यह कार्रवाई की गई है और आगे भी ऐसे मामलों में सख्त कदम उठाए जाएंगे

पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार पटेल, नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार तथा थाना प्रभारी निरीक्षक देवेश सिंह राठौर के मार्गदर्शन में जिलेभर में नशे के खिलाफ विशेष अभियान जारी है। अधिकारियों ने यह भी कहा कि अवैध शराब बिक्री और नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। स्थानीय पुलिस का कहना है कि ऐसे मामलों पर रोक लगाने के लिए लगातार मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया है और क्षेत्र में निगरानी बढ़ाई गई है।