MP में नदी नाले उफान परः स्कूलों में छुट्टी, बांध के गेट खुले, CM ने स्थिति की समीक्षा की, पिकनिक मनाने गए भोपाल के 8 युवक जलप्रपात में फंसे, रेस्क्यू जारी

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश में लगातार हो रही बारिश से उत्पन्न स्थिति की समीक्षा की। मुख्यमंत्री लगातार स्टेट सिचुएशन रूम से संपर्क में है।मुख्यमंत्री ने आज सुबह मुख्य सचिव, एसीएस राजेश राजौरा सहित संबंधित जिलों के कलेक्टर्स से फोन पर चर्चा की।कलेक्टर नर्मदापुरम, रायसेन, विदिशा, भोपाल से फोन पर चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिए हैं।

बता दें कि प्रदेश में लगातार बारिश होने के कारण बरगी, बारना, तवा डैम के गेट खोलने के कारण नर्मदा नदी का जल स्तर बढ़ गया है।मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जनता से अपील की है। प्रशासन जो निर्देश दे रहा है, अलर्ट जारी कर रहा है, जनता उन निर्देशों का पालन कर अपना सहयोग करें। कल रात से ही हो रही जोरदार बारिश के चलते नदी नाले उफान पर है। कई गांव का संपर्क भोपाल सहित जिला मुख्यालयों से कट गया है। जाट पड़रिया, जमुनिया, अमझरा और समरधा गांव का संपर्क भोपाल से कट गया है।

बारिश ने मुसीबत बढ़ा दी है। प्रदेश की नर्मदा, बेतवा, चंबल समेत कई नदियां उफान पर है। मप्र के लिए अगले 24 से 36 घंटे अहम है। नर्मदा किनारे के जिलों में हाई अलर्ट जारी किया गया है। होशंगाबाद, हरदा नरसिंहपुर, देवास, रायसेन जिले में हाई अलर्ट है। सीहोर और बड़वानी में भी हाई अलर्ट है।

जबलपुर के बरगी डैम के 13 गेट खुलने से और परेशानी बढ़ी है। तवा डेम के सभी 13 गेट खोले गए है। बारना के आठ में से छह गेट खुले है। गुना, शिवपुरी, सागर और देवास में जोरदार बारिश हुई है। मंडला, डिंडोरी में भी तेज बारिश जारी है। सीहोर की शाहगंज में 8 युवक फंसे है। सभी युवक अमरगढ़ जलप्रपात में पिकनिक मनाने आए थे। सभी युवक भोपाल के रहने वाले हैं। जलप्रपात में फंसे युवकों का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। नर्मदा पुरम में सभी स्कूलों की छुट्टी दे दी गई है। भारी बारिश को देखते हुए कलेक्टर ने 1 दिन की की छुट्टी घोषित की है। नर्मदापुरम का बैतूल, हरदा जिले से संपर्क कट गया है। सड़कों पर बारिश का पानी भर गया है।