जगदलपुर में सोने के झुमके गिरवी रख 1.50 लाख रुपये हड़पने वाली महिला गिरफ्तार, कोतवाली पुलिस की बड़ी कार्रवाई - vedantsamachar.in

जगदलपुर में सोने के झुमके गिरवी रख 1.50 लाख रुपये हड़पने वाली महिला गिरफ्तार, कोतवाली पुलिस की बड़ी कार्रवाई

जगदलपुर, 31 मई (वेदांत समाचार)। बस्तर पुलिस ने गरीब महिला के सोने के झुमके गिरवी रखकर करीब 1.50 लाख रुपये का गबन करने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी महिला पर आरोप है कि उसने अपने बेटे के साथ मिलकर प्रार्थी के सोने के झुमके गिरवी रख दिए और प्राप्त रकम का स्वयं उपयोग कर लिया। मामले की जांच के दौरान आरोपी द्वारा पुलिस को सहयोग नहीं करने और साक्ष्य छिपाने की कोशिश करने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक माहेश्वर नाग के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार डी. धोत्रे के पर्यवेक्षण में थाना कोतवाली प्रभारी लीलाधर राठौर के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार वर्ष 2024 में प्रार्थी की बेटी की तबीयत खराब हो गई थी, जिसके इलाज के लिए उसे पैसों की आवश्यकता थी। इसी दौरान उसने अपने सोने के झुमके की कीमत का आकलन कराने और बिक्री से मिलने वाली राशि की जानकारी लेने के उद्देश्य से सूरज नागवानी को झुमके दिए थे।

आरोप है कि सूरज नागवानी ने अपनी मां नीतू नागवानी के साथ मिलकर प्रार्थी के सोने के झुमकों को किसी अन्य व्यक्ति के पास गिरवी रख दिया और उससे प्राप्त राशि का उपयोग स्वयं कर लिया। बाद में जब प्रार्थी ने अपने झुमके वापस मांगे तो आरोपी पक्ष ने झुमकों के बारे में कोई जानकारी होने से इनकार कर दिया और न ही पैसे लौटाने की इच्छा जताई।

पीड़िता द्वारा थाना कोतवाली में शिकायत दर्ज कराने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। विवेचना के दौरान आरोपियों से कई बार पूछताछ की गई, लेकिन वे लगातार टालमटोल करते रहे। पुलिस के अनुसार आरोपी महिला नीतू नागवानी ने झुमकों को कहां रखा गया है, इसकी सही जानकारी नहीं दी और जांच में सहयोग भी नहीं किया।

मामले में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी नीतू नागवानी (45 वर्ष) निवासी मोती तालाब पारा, जगदलपुर को 29 मई 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। जहां से न्यायालय ने उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।

बस्तर पुलिस का कहना है कि शहर में धोखाधड़ी, गबन और संपत्ति संबंधी अपराधों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है तथा ऐसे मामलों में शामिल आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी लीलाधर राठौर, उप निरीक्षक अरुण मरकाम, सहायक उप निरीक्षक बिजेंदर सिंह, आरक्षक रीना अनंत, ललिता तारम, पुनीता मांडवी, वरुण बघेल एवं सोमालु की महत्वपूर्ण भूमिका रही।