अम्बिकापुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के अम्बिकापुर शहर में चाकूबाजी की सनसनीखेज घटना सामने आई है। एक नाबालिग ने मामूली विवाद के बाद (विवाद का कारण अभी स्पष्ट नहीं) एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में युवक के गले समेत शरीर के तीन स्थानों पर गंभीर चोटें आई हैं। गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही अम्बिकापुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी नाबालिग को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं और मामले की जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि नाबालिग ने युवक पर हमला किन कारणों से किया। पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर घटना के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाने में जुटी है। मामले में किशोर न्याय अधिनियम के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद घटना के कारणों का खुलासा किया जाएगा। इस घटना के बाद शहर में दहशत का माहौल है और लोग कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता जता रहे हैं।

