स्व. सुंदर लाल कर्ष की पुण्य स्मृति में श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ, भव्य कलश यात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब - vedantsamachar.in

स्व. सुंदर लाल कर्ष की पुण्य स्मृति में श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ, भव्य कलश यात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब

कोरबा, 15 जुलाई (वेदांत समाचार)। स्वर्गीय सुंदर लाल कर्ष की पुण्य स्मृति में आयोजित सात दिवसीय संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा एवं वार्षिक श्राद्ध कार्यक्रम का शुभारंभ बुधवार को भव्य कलश यात्रा के साथ श्रद्धा और उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं, युवतियों एवं श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पूरे शहर को भक्तिमय बना दिया।

कलश यात्रा सीतामढ़ी चौक स्थित कथा स्थल से प्रारंभ होकर श्री सप्तदेव मंदिर पहुंची। यहां वैदिक मंत्रोच्चार एवं धार्मिक विधि-विधान के साथ श्रद्धालु महिलाओं ने कलश में पवित्र जल भरकर पूजा-अर्चना की। इसके बाद शोभायात्रा पुनः कथा स्थल पहुंची, जहां कलश स्थापना के साथ यात्रा का समापन हुआ।

श्री सप्तदेव मंदिर में मंदिर के प्रमुख ट्रस्टी ने श्रद्धालुओं का आत्मीय स्वागत किया तथा सभी को प्रसाद वितरित किया। इस अवसर पर कथा व्यास पंडित तारेंद्र कृष्ण महाराज का पुष्पमालाओं से अभिनंदन किया गया। श्रद्धालुओं ने उनका आशीर्वाद प्राप्त कर कथा के सफल आयोजन की कामना की।

कार्यक्रम के मुख्य यजमान विकास निर्मलकर (विक्की), सारिका निर्मलकर, प्रमोद, गायत्री, फिरबाई एवं हेमपुष्पा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु कलश यात्रा में शामिल हुए। यात्रा के दौरान भजन-कीर्तन, जय श्रीराम एवं राधे-राधे के जयघोष से पूरा मार्ग भक्तिरस में सराबोर रहा।

आयोजकों ने बताया कि 15 जुलाई से 22 जुलाई 2026 तक प्रतिदिन संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने समस्त धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से कथा में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण करने तथा धर्म लाभ प्राप्त करने की अपील की।