PAK vs AUS, 1st ODI: बाबर आजम ने मैच में बनाए सबसे ज्यादा रन, डेब्यू करने वाला बना हीरो, पाकिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया को हराया - vedantsamachar.in

PAK vs AUS, 1st ODI: बाबर आजम ने मैच में बनाए सबसे ज्यादा रन, डेब्यू करने वाला बना हीरो, पाकिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया को हराया

नई दिल्ली, 31 मई : ऑस्ट्रेलिया के पाकिस्तान दौरे की शुरुआत हार के साथ हुई है. रावलपिंडी में 30 मई को खेले पहले वनडे में पाकिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया को 5 विकेट से हराया. इसी के साथ 3 वनडे की सीरीज में पाकिस्तान ने 1-0 की बढ़त बना ली है. पाकिस्तान की जीत में वनडे डेब्यू करने वाले अराफात मिन्हास को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया. उन्होंने इस मैच में इतिहास रचते हुए अकेले ही ऑस्ट्रेलिया की आधी टीम को समेटा. डेब्यूटेंट अराफात मिन्हास के अलावा पाकिस्तान के स्टार बल्लेबाज बाबर आजम के मैच में ठोके सबसे ज्यादा रन का भी, उसकी जीत में बड़ा योगदान रहा.

पाकिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया को पहले वनडे में हराया
रावलपिंडी वनडे में ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान के सामने 201 रन बनाने का आसान लक्ष्य रखा था, जिसे उसने बाबर आजम के दमदार अर्धशतक की बदौलत 45 गेंद पहले ही हासिल कर लिया. पाकिस्तान ने 42.3 ओवर में 5 विकेट खोकर 202 रन बनाए और मुकाबला जीत लिया.

बाबर आजम ने मैच में खेली सबसे बड़ी पारी
बाबर आजम पाकिस्तान की ओर से ही नहीं बल्कि इस पूरे मैच के टॉप स्कोरर रहे. उन्होंने 94 गेंदों पर 69 रन बनाए, जिसमें 4 चौके और 1 छक्का शामिल रहा. उनके अलावा विकेटकीपर बल्लेबाज गाजी गौरी ने 92 गेंदों पर 65 रन बनाए. इन दोनों बल्लेबाजों ने पाकिस्तान को लक्ष्य तक पहुंचाने में बड़ी भूमिका निभाई.

अराफात मिन्हास के आगे ऑस्ट्रेलिया ढेर
नीचले क्रम में डेब्यूटेंट अराफात मिन्हास 17 गेंदों में 18 रन बनाकर नाबाद रहें मगर उनका असली प्रदर्शन गेंद के साथ देखने को मिला, जिसकी वजह से ऑस्ट्रेलिया की टीम ना तो पूरे 50 ओवर खेल पाई और ना ही 200 से ज्यादा रन बना सकी. टॉस हारकर मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया की पूरी टीम 44.1 ओवर में 200 रन पर सिमट गई. ऑस्ट्रेलिया की ओर से मैथ्यू शॉर्ट और मैट रेनशॉ ने अर्धशतक जड़ा. शॉर्ट ने 55 रन जबकि रेनशॉ ने 61 रन की पारी खेली.

डेब्यू पर मिन्हास ने झटके 5 विकेट, रचा इतिहास
अर्धशतक जमाने वाले ऑस्ट्रेलियाई ओपनर मैथ्यू शॉर्ट को अराफात मिन्हास ने आउट किया. उसके अलावा उन्होंने जॉश इंग्लिस, मार्नस लाबुशेन, कैमरन ग्रीन और नाथन एलिस को भी आउट करते हुए मैच में कुल 5 विकेट झटके और इतिहास रचा. वो वनडे डेब्यू पर 5 विकेट लेने वाले पाकिस्तान के पहले गेंदबाज बने. अराफात को उनके इसी प्रदर्शन के लिए प्लयर ऑफ द मैच चुना गया.

पाकिस्तान को सीरीज में 1-0 की बढ़त
3 वनडे की सीरीज में 1-0 की लीड ले चुका पाकिस्तान अब दूसरे वनडे में बढ़े मनोबल के साथ उतरेगा. दूसरा वनडे 2 जून को लाहौर में खेला जाना है. सीरीज का तीसरा और आखिरी वनडे भी लाहौर में ही 4 जून को खेला जाएगा.