जांजगीर-चांपा, 30 मई (वेदांत समाचार)। जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बाना परसाही में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब धान मिसाई के दौरान ट्रैक्टर में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे खलिहान और फसल को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे ट्रैक्टर जलकर पूरी तरह खाक हो गया और किसान को भारी नुकसान हुआ। जानकारी के अनुसार, किसान सत्तर सिंह कंवर अपने खेत में थ्रेसर मशीन से धान की मिसाई कर रहे थे। इसी दौरान ट्रैक्टर के इंजन से उठी चिंगारी ने सूखी धान की फसल को आग पकड़वा दी। आग इतनी तेजी से फैली कि मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
ग्रामीणों ने मिलकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी। इस घटना में ट्रैक्टर पूरी तरह जलकर राख हो गया, वहीं खेत में रखी धान की फसल भी पूरी तरह नष्ट हो गई। महिला किसान रूप कुमारी कंवर ने बताया कि उन्होंने एक एकड़ में धान की फसल लगाई थी, जो पूरी तरह जल गई है। इस हादसे से उनका आर्थिक नुकसान काफी बड़ा है। उन्होंने शासन-प्रशासन से मुआवजे की मांग की है, ताकि वे अपनी आजीविका फिर से शुरू कर सकें। फिलहाल इस घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है और पीड़ित किसान प्रशासन से मदद की उम्मीद लगाए बैठे हैं।

