जांजगीर-चांपा, 30 मई 2026 (वेदांत समाचार)। जांजगीर-चांपा पुलिस ने आईपीएल क्रिकेट मैच में हार-जीत पर रुपये का दांव लगाकर सट्टा संचालित करने वाले दो युवकों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में जिले में जुआ और सट्टा गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत साइबर टीम, थाना जांजगीर और थाना चांपा पुलिस को सूचना मिली थी कि आईपीएल मैच के दौरान ऑनलाइन और मोबाइल के माध्यम से सट्टेबाजी की जा रही है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी। जांच के दौरान राजस्थान रॉयल्स और गुजरात के बीच खेले जा रहे क्रिकेट मैच पर हार-जीत का दांव लगाकर सट्टा संचालित करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नरेश धीवर (25 वर्ष), निवासी घूरकोट थाना जांजगीर तथा रितिक देवांगन (22 वर्ष), निवासी देवांगन मोहल्ला थाना चांपा के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध जुआ और सट्टा कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे जुआ एवं सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों से दूर रहें और कहीं भी ऐसी गतिविधि संचालित होने की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।
इस कार्रवाई में थाना साइबर जांजगीर की टीम, थाना चांपा प्रभारी निरीक्षक अशोक वैष्णव, उपनिरीक्षक सत्यम चौहान, आरक्षक ईश्वरी राठौर, गौरीशंकर राय, श्याम राठौर सहित थाना जांजगीर के उपनिरीक्षक बी.एस. लकड़ा, सहायक उपनिरीक्षक अरुण सिंह, प्रधान आरक्षक प्रकाश राठौर, राकेश तिवारी, आरक्षक लीलाराम साहू, राहुल कुमार और शैलेन्द्र कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

