कोरबा में खाद्य सुरक्षा विभाग की विशेष कार्रवाई, विभिन्न दुकानों से खाद्य पदार्थों के नमूने लिए, खराब फल किए नष्ट - vedantsamachar.in

कोरबा में खाद्य सुरक्षा विभाग की विशेष कार्रवाई, विभिन्न दुकानों से खाद्य पदार्थों के नमूने लिए, खराब फल किए नष्ट

कोरबा, 30 मई 2026 (वेदांत समाचार)। आम नागरिकों को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कोरबा जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा विशेष जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान जिले के विभिन्न प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्रित किए गए, वहीं खराब एवं अनुपयोगी फलों को नष्ट कर लोगों के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने की कार्रवाई की गई।

खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने मुड़ापार स्थित ज्ञान प्रोविजन से टोस्ट का नमूना लिया। वहीं आरएसएस नगर स्थित जायसवाल जनरल स्टोर से सरसों तेल और आटा के नमूने जांच के लिए संकलित किए गए। घंटाघर चौक स्थित अपना मार्ट से सूजी और आटा के नमूने लिए गए।

इसी प्रकार कटघोरा एवं सुतर्रा क्षेत्र के विभिन्न प्रतिष्ठानों से सरसों तेल, सनफ्लॉवर ऑयल और मिक्स वेजिटेबल ऑयल के नमूने जांच के लिए एकत्रित किए गए। गुप्ता जनरल स्टोर से मिर्च पाउडर, हल्दी पाउडर और धनिया पाउडर के नमूने भी लिए गए हैं।

विशेष अभियान के तहत आयातित खाद्य उत्पादों की गुणवत्ता जांच पर भी विशेष ध्यान दिया गया। पाल्म मॉल स्थित जियो मार्ट से आयातित खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए, जिनमें चॉकलेट, पास्ता, खजूर, बिस्कुट और एनर्जी ड्रिंक शामिल हैं। इन सभी नमूनों को प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा जाएगा।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने अभियान के दौरान विभिन्न स्थानों पर खराब और सड़े हुए फलों को भी नष्ट कराया, ताकि उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके। विभाग ने स्पष्ट किया है कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जिले में इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

इस विशेष अभियान में फूड सेफ्टी ऑफिसर विकास भगत और संघर्ष मिश्रा की प्रमुख भूमिका रही। विभाग ने खाद्य कारोबारियों से खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री विक्रय करने की अपील की है।