कोरबा, 29 मई (वेदांत समाचार)। खरीफ सीजन 2026 की तैयारियों के बीच कोरबा जिले में कृषि विभाग ने खाद दुकानों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई शुरू कर दी है। जिला कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश पर कृषि विभाग की टीम ने जिले के सहकारी और निजी उर्वरक प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। कार्रवाई का उद्देश्य किसानों को उचित दर पर गुणवत्तायुक्त खाद-बीज उपलब्ध कराना और कालाबाजारी पर रोक लगाना है।
कृषि विभाग के उप संचालक डी.पी.एस. कंवर ने बताया कि 29 मई 2026 को जिले में कुल 18 खाद दुकानों का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान 6 दुकानों में अनियमितता पाए जाने पर नोटिस जारी किए गए। वहीं एक दुकान पर विक्रय प्रतिबंध लगाया गया और पाली क्षेत्र के सिरली स्थित सिद्धी विनायक ट्रेड्स से 56 बोरी यूरिया जप्त की गई।

विभाग के अनुसार, 1 अप्रैल 2026 से अब तक जिले में 115 सहकारी और निजी उर्वरक दुकानों का निरीक्षण किया जा चुका है। इस दौरान अनियमितता मिलने पर 28 दुकानों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए, जबकि 5 निजी दुकानों पर 21 दिनों के लिए विक्रय प्रतिबंध लगाया गया है।
जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि खाद खरीदते समय दुकानदार से पक्का बिल जरूर लें। यदि कोई दुकानदार निर्धारित दर से अधिक कीमत वसूलता है या बिल देने से मना करता है, तो इसकी शिकायत तुरंत कृषि विभाग या संबंधित अधिकारियों से करें।
कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि किसानों को गुणवत्तापूर्ण उर्वरक उपलब्ध कराने और कालाबाजारी रोकने के लिए जिले में निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेगा।

