कोरबा, 29 मई (वेदांत समाचार)। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में आयोजित सुशासन तिहार 2026 किसानों और ग्रामीणों के लिए राहत, सुविधा और समाधान का भरोसेमंद माध्यम बनता जा रहा है। जिलेभर में लगाए जा रहे समाधान शिविरों के जरिए किसानों को उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान और योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया जा रहा है।
इसी क्रम में करतला विकासखंड के ग्राम बेहरचुआ निवासी किसान रामलाल चौहान को समाधान शिविर में 2 एचपी का पेट्रोल एवं डीजल संचालित पंप प्रदान किया गया। रामलाल चौहान करीब पांच एकड़ भूमि में धान की खेती करते हैं और उनका पूरा परिवार कृषि पर निर्भर है। लंबे समय से सिंचाई सुविधा की कमी के कारण उन्हें खेती में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
किसान रामलाल चौहान ने नवापारा में आयोजित समाधान शिविर में पहुंचकर अपनी समस्या प्रशासन के सामने रखी। शिविर में मौजूद अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल उन्हें 2 एचपी पंप उपलब्ध कराया। पंप मिलने के बाद किसान ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि अब सिंचाई कार्य आसान हो जाएगा और खेती की उत्पादकता बढ़ाने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार 2026 के समाधान शिविर ग्रामीणों और किसानों के लिए बड़ी राहत साबित हो रहे हैं। अब छोटी-बड़ी समस्याओं के समाधान के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं। जिला प्रशासन की मौजूदगी में सभी सुविधाएं एक ही स्थान पर मिल रही हैं।
किसान रामलाल चौहान ने किसानों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

