नई दिल्ली, 7 अप्रैल 2026। भारतीय इक्विटी मार्केट के प्रमुख वैश्विक संकेतक के रूप में उभर रहे GIFT Nifty ने मार्च 2026 में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए अब तक का सबसे ज्यादा मासिक टर्नओवर दर्ज किया है। इस अवधि में गिफ्ट निफ्टी पर 129.80 बिलियन अमेरिकी डॉलर (करीब 12,28,621 करोड़ रुपये) का कारोबार हुआ, जो अपने आप में एक नया रिकॉर्ड है।
सिर्फ टर्नओवर ही नहीं, बल्कि वॉल्यूम के मामले में भी गिफ्ट निफ्टी ने नया कीर्तिमान स्थापित किया। मार्च 2026 के दौरान कुल 2.82 मिलियन कॉन्ट्रैक्ट्स का ट्रेड हुआ, जो अब तक का सबसे अधिक मासिक वॉल्यूम है। इससे पहले अक्टूबर 2025 में 106.22 बिलियन डॉलर का टर्नओवर और अप्रैल 2025 में 2.17 मिलियन कॉन्ट्रैक्ट्स का वॉल्यूम दर्ज किया गया था।
गिफ्ट निफ्टी की यह उपलब्धि वैश्विक निवेशकों के बढ़ते भरोसे और भारतीय बाजार की मजबूत स्थिति को दर्शाती है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय इक्विटी बाजार के लिए यह एक महत्वपूर्ण बेंचमार्क बनकर उभर रहा है, जो देश की आर्थिक प्रगति को भी रेखांकित करता है।
गौरतलब है कि NSE International Exchange (एनएसई आईएक्स) पर 3 जुलाई 2023 से गिफ्ट निफ्टी के पूर्ण संचालन शुरू होने के बाद से ट्रेडिंग में लगातार तेजी देखी जा रही है। शुरुआत से लेकर मार्च 2026 तक गिफ्ट निफ्टी में कुल 63.37 मिलियन से अधिक कॉन्ट्रैक्ट्स का वॉल्यूम दर्ज किया जा चुका है, जबकि कुल टर्नओवर 2.92 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर तक पहुंच गया है।
इस उपलब्धि पर गिफ्ट निफ्टी ने अपने सभी भागीदारों और निवेशकों का आभार जताया है। संस्था का मानना है कि प्रतिभागियों के सहयोग और विश्वास के कारण ही यह कॉन्ट्रैक्ट वैश्विक स्तर पर इतनी तेजी से लोकप्रिय हुआ है और नए-नए रिकॉर्ड बना रहा है।
