SECL बलगी सबस्टेशन में केबल लूटकांड का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार, अपचारी बालक निरुद्ध – vedantsamachar.in

SECL बलगी सबस्टेशन में केबल लूटकांड का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार, अपचारी बालक निरुद्ध

कोरबा,26 मई (वेदांत समाचार)। बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र स्थित एसईसीएल बलगी सबस्टेशन में हुई केबल लूट और चोरी की वारदात का पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अपचारी बालक को निरुद्ध किया गया है। मामले में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी पुलिस ने जब्त कर ली है। वहीं फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले एवं नगर पुलिस अधीक्षक दर्री विमल पाठक के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी बांकीमोंगरा निरीक्षक चमन सिन्हा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।

पुलिस के अनुसार, जेटीपारा निवासी संजय कुमार लहरे ने थाना बांकीमोंगरा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 23 मई की रात करीब 1:30 बजे कुछ युवक एसईसीएल बलगी सबस्टेशन में जबरन घुस आए। आरोपियों ने गाली-गलौच और मारपीट करते हुए पाइप, एंगल और लगभग 100 मीटर केबल लूट लिया। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी गई थी।

प्रकरण में थाना बांकीमोंगरा में विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान गवाहों के बयान, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर एक आरोपी अर्जुन सिंह को गिरफ्तार किया तथा एक अपचारी बालक को पकड़ा। पूछताछ में दोनों ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया।

पुलिस ने आरोपी अर्जुन सिंह की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल क्रमांक CG 12 BS 7092 जब्त की है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि लूटा गया केबल फरार आरोपी दीपक केंवट उर्फ अंक के पास है। पुलिस उसकी और एक अन्य आरोपी की तलाश कर रही है।

गिरफ्तार आरोपी एवं अपचारी बालक को विधिवत कार्रवाई के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस ने कहा कि “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।