सारंगढ़, 10 जुलाई (वेदांत समाचार)। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिला मुख्यालय में कानून-व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। जिला भाजपा मीडिया प्रभारी एवं स्थानीय समाचार पत्र के संपादक रवि तिवारी तथा भाजपा नेता किशन गुप्ता पर कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा कथित रूप से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में दोनों घायल हुए हैं। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार, घटना प्रतापगंज स्थित पेट्रोल पंप के समीप हुई। बताया गया कि कुछ युवक एक ट्रक चालक के साथ मारपीट कर रहे थे। उसी दौरान वहां से गुजर रहे रवि तिवारी और किशन गुप्ता ने बीच-बचाव करते हुए मारपीट रोकने का प्रयास किया। आरोप है कि इस पर हमलावरों ने दोनों पर ही हमला कर दिया।
हमले में रवि तिवारी की आंख के पास गंभीर चोट आई, जिसके चलते उन्हें पांच टांके लगाने पड़े। वहीं किशन गुप्ता को भी शरीर के विभिन्न हिस्सों में चोटें आई हैं। दोनों का उपचार कराया गया।
घटना की सूचना मिलने पर सारंगढ़ कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सोनू यादव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, प्रकरण में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
घटना के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय पत्रकारों में नाराजगी देखी जा रही है। उनका कहना है कि पत्रकार और जनप्रतिनिधि भी यदि सुरक्षित नहीं हैं, तो आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने शेष आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस का पक्ष: कोतवाली पुलिस का कहना है कि मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है। एक आरोपी को गिरफ्तार किया जा चुका है तथा फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

