रायपुर, 10 जुलाई 2026 (वेदांत समाचार)। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार खरीफ सीजन 2026 के दौरान किसानों को समय पर बीज और उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रभावी कदम उठा रही है। कृषि विभाग और सहकारिता विभाग के समन्वित प्रयासों से प्रदेशभर में प्रमाणित बीज एवं उर्वरकों की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। इसी क्रम में गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में भी किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए पर्याप्त भंडारण, नियमित निगरानी और सुव्यवस्थित वितरण व्यवस्था की गई है, जिससे खरीफ फसलों की बुवाई तेजी से आगे बढ़ रही है।
राज्य सरकार की किसान हितैषी नीति के तहत कृषि आदानों की उपलब्धता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। कृषि विभाग द्वारा जिले में उर्वरकों की उपलब्धता पर लगातार नजर रखी जा रही है तथा किसानों की मांग के अनुसार भंडारण और वितरण सुनिश्चित किया जा रहा है। सहकारी समितियों एवं अधिकृत विक्रेताओं के माध्यम से निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार किसानों तक खाद पहुंचाई जा रही है।
जिले में अब तक 5,201.42 टन उर्वरक का भंडारण किया गया है। इनमें से 2,800.87 टन उर्वरक किसानों को वितरित किया जा चुका है, जबकि 2,400.56 टन उर्वरक का पर्याप्त स्टॉक अभी भी उपलब्ध है। उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष जिले को कुल 4,214.115 टन उर्वरक प्राप्त हुआ था, जबकि इस वर्ष किसानों की बढ़ती जरूरतों को ध्यान में रखते हुए अधिक भंडारण सुनिश्चित किया गया है।
खरीफ वर्ष 2026 के लिए कृषि विभाग ने गुणवत्तायुक्त और प्रमाणित बीजों की उपलब्धता भी सुनिश्चित की है। सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों को समय पर प्रमाणित बीज उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे बुवाई कार्य बिना किसी बाधा के जारी है। जिले में वर्तमान में 4,656.50 क्विंटल प्रमाणित बीज उपलब्ध कराए गए हैं। इनमें से 3,649.42 क्विंटल बीज किसानों को वितरित किए जा चुके हैं, जबकि 1,007.08 क्विंटल बीज का सुरक्षित स्टॉक अभी भी उपलब्ध है।
कृषि विभाग लगातार बीजों की गुणवत्ता, उपलब्धता और वितरण की समीक्षा कर रहा है ताकि जिले के किसी भी किसान को बीज की कमी का सामना न करना पड़े। वहीं सहकारिता विभाग और सहकारी समितियां किसानों तक समय पर उर्वरकों की आपूर्ति सुनिश्चित कर रही हैं। दोनों विभागों के समन्वित प्रयासों का ही परिणाम है कि खरीफ सीजन में किसानों को आवश्यक कृषि आदान समय पर उपलब्ध हो रहे हैं और खेती की तैयारियां तेजी से आगे बढ़ रही हैं।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने किसानों की आय बढ़ाने, खेती की लागत कम करने और कृषि को अधिक लाभकारी बनाने के उद्देश्य से गुणवत्तायुक्त बीज, पर्याप्त उर्वरक और समयबद्ध वितरण व्यवस्था पर विशेष जोर दिया है। राज्य सरकार का मानना है कि खेती के हर चरण में किसानों को आवश्यक संसाधन समय पर उपलब्ध कराकर कृषि उत्पादन को नई मजबूती दी जा सकती है।
कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे केवल अधिकृत सहकारी समितियों और अधिकृत विक्रय केंद्रों से ही प्रमाणित बीज एवं उर्वरक खरीदें। साथ ही वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों को अपनाते हुए समय पर खरीफ फसलों की बुवाई पूरी करें, ताकि बेहतर उत्पादन और अधिक आय प्राप्त हो सके। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि आवश्यकता के अनुसार बीज और उर्वरकों की उपलब्धता बनाए रखने के लिए भंडारण एवं वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और किसी भी स्तर पर कमी नहीं आने दी जाएगी।

