जांजगीर-चांपा, 10 जुलाई (वेदांत समाचार)। जिले के बलौदा थाना क्षेत्र में महिला से छेड़छाड़ के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी ने सुनसान स्थान का फायदा उठाकर महिला के साथ छेड़छाड़ की थी। घटना की शिकायत मिलते ही बलौदा पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, 8 जुलाई 2026 को पीड़िता काम से अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान बलौदा थाना क्षेत्र के सुनसान स्थान पर आरोपी रामेश्वर उर्फ परमेश्वर (39 वर्ष), निवासी ग्राम डोंगरी, थाना बलौदा, जिला जांजगीर-चांपा ने महिला की बेइज्जती करने की नीयत से उसके साथ छेड़छाड़ की। घटना के बाद पीड़िता ने बलौदा थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
पीड़िता की रिपोर्ट पर बलौदा थाना में अपराध क्रमांक 326/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 74 एवं 75(2) के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिन्हा के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रामेश्वर उर्फ परमेश्वर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय के आदेश पर आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिन्हा, सहायक उपनिरीक्षक रामदुलार साहू, महिला प्रधान आरक्षक रामकुमारी मार्को, आरक्षक सुमित श्रीवास एवं आरक्षक जयराम बिझवार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
जांजगीर-चांपा पुलिस ने महिलाओं के खिलाफ अपराध करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात कही है। पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि महिलाओं के साथ होने वाले किसी भी अपराध की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि आरोपियों के खिलाफ समय पर कानूनी कार्रवाई की जा सके।

