कोरबा, 10 जुलाई। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत संचालित ‘माय भारत’ कार्यक्रम के जिले में प्रभावी क्रियान्वयन के लिए कलेक्टर कुणाल दुदावत ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सिमगा (विकासखंड पोड़ी-उपरोड़ा) के प्राचार्य सतीश प्रकाश सिंह को जिला नोडल अधिकारी नियुक्त किया है।
कलेक्टर द्वारा जारी आदेश के अनुसार, जिला नोडल अधिकारी के रूप में सतीश प्रकाश सिंह जिले में ‘माय भारत’ कार्यक्रम के तहत संचालित सभी गतिविधियों का समन्वय करेंगे। इसके साथ ही वे माय भारत पोर्टल पर पंजीयन एवं गतिविधियों से संबंधित जानकारी अपलोड कराने, विभिन्न शासकीय विभागों, शैक्षणिक संस्थानों तथा अन्य संबंधित हितधारकों के बीच समन्वय स्थापित करने और समय-समय पर आवश्यक प्रतिवेदन राज्य शासन एवं भारत सरकार को प्रेषित करने की जिम्मेदारी निभाएंगे।
आदेश में यह भी कहा गया है कि जिला नोडल अधिकारी, राज्य शासन तथा माय भारत युवा कार्यक्रम, भारत सरकार द्वारा समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करेंगे। साथ ही संबंधित विभागों, शिक्षण संस्थानों एवं अन्य हितधारकों के सहयोग से जिले में ‘माय भारत’ कार्यक्रम का प्रभावी एवं सफल संचालन सुनिश्चित करेंगे।

