बलौदाबाजार,23 मई (वेदांत समाचार)। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग तथा जिला स्वास्थ्य समिति के संयुक्त तत्वाधान में बालको मेडिकल सेंटर के सहयोग से 25 मई 2026 को जिला अस्पताल बलौदाबाजार में निःशुल्क कैंसर जाँच एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया जाएगा। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ राजेश कुमार अवस्थी ने बताया कि उक्त स्क्रीनिंग शिविर एनपी-एनसीडी कार्यक्रम अंतर्गत किया जा रहा है जिसमें जांच के लिए चलित कैंसर स्क्रीनिंग मैमोग्राफी वैन का जिले में आगमन होगा ।
सिविल सर्जन डॉ अशोक वर्मा के अनुसार शिविर में स्तन कैंसर की जांच मेमोग्राफी द्वारा,मुंह का कैंसर परीक्षण ब्रश साइटोलॉजी द्वारा होगा जबकि 40 वर्ष या इससे अधिक की महिलाओं में गर्भाशय कैंसर की जांच पेप स्मियर द्वारा की जाएगी ।यदि किसी महिला में स्तन में गांठ, असामान्य गांठ या उभार,स्तन में बदलाव या आकार में भारीपन, लगातार छाती में दर्द यह कैंसर हो सकता है ऐसे ही मुंह में सफेद या लाल पैच, अल्सर या घाव जो ठीक न हो यह भी कैंसर की आशंका को प्रकट करता है। स्वास्थ्य विभाग ने जिले के सभी नागरिकों, से अपील की है कि, जरूरतमंद व्यक्ति इस निःशुल्क शिविर का लाभ अवश्य लें। समय पर पहचान, मृत्यु पर जीत आसान है। प्रारंभिक जांच से कैंसर का शीघ्र पता चलने पर इलाज आसान और सफल होता है।

