रायपुर में 24 घंटे के भीतर चोरी का खुलासा, 3 लाख के सोने-चांदी के जेवरात बरामद; 19 वर्षीय युवक और नाबालिग गिरफ्तार - vedantsamachar.in

रायपुर में 24 घंटे के भीतर चोरी का खुलासा, 3 लाख के सोने-चांदी के जेवरात बरामद; 19 वर्षीय युवक और नाबालिग गिरफ्तार

रायपुर, 07 जुलाई (वेदांत समाचार)। रायपुर पुलिस ने आजाद चौक थाना क्षेत्र में सूने मकान से लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात चोरी करने वाले 19 वर्षीय युवक और एक विधि के साथ संघर्षरत बालक को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गए करीब 3 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात बरामद कर लिए हैं।

पुलिस के अनुसार हाण्डीपारा निवासी कांति साहू 5 जुलाई को अपने घर में ताला लगाकर एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने गांव नकटी गई थीं। अगले दिन लौटने पर उन्होंने देखा कि घर का मुख्य दरवाजा और अलमारी का लॉकर टूटा हुआ है तथा उसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात चोरी हो चुके हैं। शिकायत के आधार पर आजाद चौक थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) संदीप पटेल के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा आजाद चौक थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया और मुखबिरों की मदद से आरोपी की पहचान की।

जांच के दौरान पुलिस ने मोह. बिलाल (19 वर्ष), निवासी हाण्डीपारा शिवनगर, थाना आजाद चौक को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने एक विधि के साथ संघर्षरत बालक के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने नाबालिग को भी हिरासत में ले लिया।

दोनों आरोपियों की निशानदेही पर चोरी के सभी सोने-चांदी के जेवरात बरामद कर लिए गए। पुलिस ने बताया कि विधि के साथ संघर्षरत बालक के खिलाफ पहले भी आजाद चौक थाना में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।