रायपुर के आजाद चौक में दुकान में लगी भीषण आग, पुलिस और फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई से टला बड़ा हादसा - vedantsamachar.in

रायपुर के आजाद चौक में दुकान में लगी भीषण आग, पुलिस और फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई से टला बड़ा हादसा

रायपुर, 07 जुलाई (वेदांत समाचार)। राजधानी रायपुर के आजाद चौक थाना क्षेत्र स्थित रामसागरपारा में मंगलवार सुबह एक दुकान में अचानक आग लग गई। सूचना मिलते ही आजाद चौक थाना की टाइगर मोबाइल टीम और डायल 112 मात्र 5 मिनट के भीतर मौके पर पहुंच गई। पुलिस, डायल 112 और फायर ब्रिगेड की त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई से आग पर जल्द काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

पुलिस के अनुसार आग तेजी से फैल रही थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए फायर ब्रिगेड को तत्काल सूचना दी गई और विद्युत विभाग को सूचित कर इलाके की बिजली आपूर्ति बंद कराई गई, ताकि किसी प्रकार की विद्युत दुर्घटना न हो।

दुकान के ऊपर आवासीय मकान होने के कारण पुलिस और डायल 112 की टीम ने तत्काल वहां रहने वाले सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। साथ ही आसपास मौजूद लोगों को भी सुरक्षित दूरी पर रखा गया। इसके बाद फायर ब्रिगेड, डायल 112, आजाद चौक और मोहदापारा टाइगर मोबाइल की संयुक्त टीम ने आग पर सफलतापूर्वक काबू पा लिया।

घटना में किसी के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है। हालांकि आग से दुकान में रखा सामान जलकर क्षतिग्रस्त हो गया। समय रहते की गई कार्रवाई के चलते आग को आसपास की दुकानों और मकानों तक फैलने से रोक लिया गया।

रायपुर पुलिस ने बताया कि सभी विभागों की त्वरित प्रतिक्रिया और बेहतर समन्वय के कारण एक संभावित बड़ा हादसा टल गया। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।