अंबिकापुर, 07 जुलाई (वेदांत समाचार)। नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के साथ आयोजित शाला प्रवेश उत्सव में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने स्वामी आत्मानंद गवर्नमेंट स्कूल ऑफ एक्सीलेंस (अंग्रेजी माध्यम), ब्रह्मरोड अंबिकापुर पहुंचकर विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों के साथ उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस दौरान उन्होंने छात्राओं को साइकिल वितरित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और कहा कि बेटियों की शिक्षा, आत्मनिर्भरता और सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित करना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार प्रदेश के प्रत्येक बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि छात्राओं को साइकिल वितरण केवल एक सरकारी योजना नहीं, बल्कि बेटियों को शिक्षा से जोड़ने, उन्हें आत्मनिर्भर बनाने और आत्मविश्वास बढ़ाने का प्रभावी माध्यम है। इससे दूर-दराज के क्षेत्रों की छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में सुविधा मिलेगी और वे बिना किसी बाधा के अपनी पढ़ाई जारी रख सकेंगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत किया और उन्हें मेहनत, अनुशासन तथा निरंतर अध्ययन को जीवन का मूल मंत्र बनाने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा प्राप्त करने का स्थान नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण, संस्कार और भविष्य की नींव तैयार करने का केंद्र है। आज की मेहनत ही कल की सफलता का आधार बनती है और विद्यार्थियों को अपने माता-पिता, शिक्षकों तथा प्रदेश का नाम रोशन करने का संकल्प लेना चाहिए।
उन्होंने शिक्षकों की भूमिका को समाज निर्माण की सबसे महत्वपूर्ण जिम्मेदारी बताते हुए कहा कि शिक्षक केवल पाठ्यक्रम नहीं पढ़ाते, बल्कि राष्ट्र का भविष्य तैयार करते हैं। शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग से ही बच्चों का सर्वांगीण विकास संभव है।

मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा के क्षेत्र में लगातार आधारभूत सुविधाओं का विस्तार कर रही है। आधुनिक संसाधनों से सुसज्जित विद्यालयों के माध्यम से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जा रहा है। स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय योजना के जरिए प्रदेश के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक शिक्षा दी जा रही है, जिससे वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धाओं के लिए तैयार हो सकें।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रदेश के विद्यार्थी शिक्षा, संस्कार और प्रतिभा के दम पर विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देंगे। कार्यक्रम के अंत में मंत्री ने सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों को नए शैक्षणिक सत्र की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, शिक्षक, अभिभावक तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

