रायपुर, 7 जुलाई (वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ स्टेट वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन के कर्मचारियों और दैनिक वेतनभोगी श्रमिकों को बेहतर सामाजिक सुरक्षा और बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। निगम प्रबंधन और ऐक्सिस बैंक के बीच सैलरी एमओयू (समझौता ज्ञापन) पर हस्ताक्षर किए गए हैं, जिसके तहत कर्मचारियों को मुफ्त बीमा कवर सहित कई वित्तीय सुविधाओं का लाभ मिलेगा। इस पहल से निगम के नियमित कर्मचारियों के साथ-साथ दैनिक वेतनभोगी श्रमिकों को भी सुरक्षा और आर्थिक संबल मिलेगा।
नवा रायपुर स्थित स्टेट वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन के मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में निगम के अध्यक्ष चंदूलाल साहू की उपस्थिति में एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए। इस अवसर पर निगम के प्रबंध संचालक आशीष कुमार टिकरिहा, ऐक्सिस बैंक के वरिष्ठ अधिकारी तथा निगम के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
एमओयू के तहत ऐक्सिस बैंक में वेतन खाता खोलने वाले निगम के कर्मचारियों को 1.10 करोड़ रुपये का व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा और 10 लाख रुपये का प्राकृतिक मृत्यु बीमा निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा किसी कर्मचारी की मृत्यु होने पर उसके परिवार को 8 लाख रुपये तक की शिक्षा सहायता भी प्रदान की जाएगी, जिससे आश्रितों की पढ़ाई प्रभावित न हो।
समझौते के तहत कर्मचारियों को मात्र 2,499 रुपये वार्षिक प्रीमियम पर 30 लाख रुपये तक का हेल्थ टॉप-अप कवर और 30 लाख रुपये का पर्सनल एक्सीडेंट कवर लेने की सुविधा भी मिलेगी। इससे कर्मचारियों और उनके परिवारों को स्वास्थ्य एवं दुर्घटना संबंधी आर्थिक सुरक्षा का मजबूत आधार मिलेगा।
निगम के अध्यक्ष चंदूलाल साहू ने कहा कि इस समझौते का उद्देश्य कर्मचारियों और उनके परिवारों को बेहतर बैंकिंग सेवाएं, बीमा सुरक्षा और आधुनिक वित्तीय सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों का सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा कवच मजबूत करना निगम की प्राथमिकताओं में शामिल है और यह समझौता उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
एमओयू के बाद निगम कर्मचारियों में उत्साह का माहौल देखा गया। कर्मचारियों ने इस पहल के लिए निगम प्रबंधन और अध्यक्ष चंदूलाल साहू के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे कर्मचारी हित में लिया गया महत्वपूर्ण निर्णय बताया।
कार्यक्रम के दौरान एक और महत्वपूर्ण निर्णय के तहत बैकुंठपुर (जिला कोरिया) निवासी श्रीमती पूनम कूजूर को स्टेट वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन में सीसीएच (चतुर्थ श्रेणी) पद पर अनुकंपा नियुक्ति का आदेश भी अध्यक्ष चंदूलाल साहू द्वारा सौंपा गया। इस अवसर पर अधिकारियों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
निगम प्रबंधन का मानना है कि इस तरह की कर्मचारी हितैषी पहल से कर्मचारियों का मनोबल बढ़ेगा और वे अधिक सुरक्षित वातावरण में बेहतर कार्य कर सकेंगे। साथ ही बैंकिंग और बीमा से जुड़ी सुविधाओं का सीधा लाभ उनके परिवारों तक भी पहुंचेगा, जिससे उनकी आर्थिक सुरक्षा और सामाजिक संरक्षण मजबूत होगा।

