बिलासपुर, 7 जुलाई। नए आपराधिक कानूनों के तहत डिजिटल साक्ष्य संकलन की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी और आधुनिक बनाने के उद्देश्य से पुलिस मुख्यालय द्वारा बिलासपुर जिले के विवेचकों को 208 मोबाइल डेटा टर्मिनल (MDT) डिवाइस उपलब्ध कराए गए। मंगलवार को आयोजित वितरण कार्यक्रम में पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) रामगोपाल गर्ग तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) रजनेश सिंह ने विवेचकों को MDT डिवाइस वितरित किए।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नए कानूनों के लागू होने के बाद डिजिटल साक्ष्य (ई-साक्ष्य) के संकलन में आ रही व्यावहारिक कठिनाइयों को दूर करने के लिए यह पहल की गई है। इन MDT डिवाइसों का उपयोग जिले के विभिन्न थानों एवं साइबर सेल के विवेचक करेंगे।
अब विवेचकों को डिजिटल साक्ष्य संकलन के लिए अपने निजी मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करना पड़ेगा। इससे मोबाइल की मेमोरी भरने, डेटा सुरक्षित रखने और अन्य तकनीकी समस्याओं से राहत मिलेगी। MDT डिवाइस के माध्यम से घटनास्थल से ही फोटो, वीडियो एवं अन्य डिजिटल साक्ष्यों को सीधे सीसीटीएनएस (CCTNS) पोर्टल पर अपलोड किया जा सकेगा।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस व्यवस्था से विवेचना की प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और तेज होगी। साथ ही डिजिटल साक्ष्यों के समयबद्ध संकलन एवं अपलोडिंग से न्यायालय में शीघ्र चालान प्रस्तुत करने में सुविधा मिलेगी, जिससे अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।

