कोरबा, 07 जुलाई (वेदांत समाचार)। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने मंगलवार को समय-सीमा की बैठक लेकर विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा की। बैठक में प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ), मुख्यमंत्री जनदर्शन, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और अन्य लंबित प्रकरणों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश दिए गए। इस दौरान कलेक्टर ने घोषणा की कि जिले में 15 सितंबर तक वृहद पौधरोपण अभियान चलाया जाएगा और सभी विभागों को अपने-अपने कार्यालय परिसरों में पौधरोपण की तैयारी करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की समीक्षा के दौरान विद्युत और शिक्षा विभाग में शिकायतों के निराकरण की प्रगति संतोषजनक नहीं मिलने पर कलेक्टर ने दोनों विभागों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी विभागों को लंबित शिकायतों का जल्द समाधान सुनिश्चित करने को कहा।
मानसून को देखते हुए कलेक्टर ने जलभराव वाले क्षेत्रों में मुनादी कराने, पेयजल और बिजली व्यवस्था बनाए रखने, राहत एवं बचाव की तैयारियां पूरी रखने तथा स्वास्थ्य केंद्रों में पर्याप्त दवाइयों और सर्पदंश उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने नदी-नालों से कटने वाले गांवों में खाद्यान्न का अग्रिम भंडारण करने और हाथियों से प्रभावित किसानों के मुआवजा प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने पर भी जोर दिया।
बैठक में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क सहित वर्षा से क्षतिग्रस्त सड़कों का सर्वे कर संबंधित एजेंसियों और ठेकेदारों पर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।कलेक्टर ने पीएम किसान-एग्रिस्टेक पोर्टल के लिए लंबित फौती नामांतरण और बकेट क्लेम प्रकरणों का एक माह के भीतर निराकरण करने के निर्देश तहसीलदारों को दिए। साथ ही शिक्षा, जल संसाधन और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को ब्लॉक स्तर तक ई-ऑफिस प्रणाली लागू करने तथा अधिकारियों-कर्मचारियों की ऑनलाइन उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय, जिला पंचायत सीईओ दिनेश नाग, अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल, सहायक कलेक्टर तरुण किरण, एसडीएम तन्मय खन्ना सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

