जांजगीर-चांपा में नाबालिग वाहन चालकों पर बड़ी कार्रवाई, एक दिन में 15 पर चालान; प्रत्येक से वसूला गया 2-2 हजार रुपये जुर्माना - vedantsamachar.in

जांजगीर-चांपा में नाबालिग वाहन चालकों पर बड़ी कार्रवाई, एक दिन में 15 पर चालान; प्रत्येक से वसूला गया 2-2 हजार रुपये जुर्माना

जांजगीर-चांपा, 07 जुलाई (वेदांत समाचार)। सड़क सुरक्षा को लेकर जांजगीर-चांपा पुलिस ने नाबालिग वाहन चालकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। एक ही दिन में 15 नाबालिग दोपहिया वाहन चलाते हुए पकड़े गए। सभी के खिलाफ मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए प्रत्येक पर 2-2 हजार रुपये का समन शुल्क लगाया गया। साथ ही उनके अभिभावकों को बुलाकर भविष्य में नाबालिग बच्चों को वाहन नहीं देने की सख्त समझाइश दी गई।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) उदयन बेहार के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। अभियान में सीएसपी योगिताबाली खापर्डे, थाना जांजगीर, थाना चांपा और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और स्कूलों के आसपास सघन जांच की।

यातायात पुलिस ने बताया कि नाबालिगों द्वारा वाहन चलाना कानून का उल्लंघन होने के साथ-साथ सड़क सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा है। इसलिए ऐसे मामलों में आगे भी लगातार अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस बीच चांपा के मनका पब्लिक स्कूल ने भी सराहनीय पहल करते हुए विद्यार्थियों के अभिभावकों को नोटिस जारी कर नाबालिग बच्चों को मोटरसाइकिल या स्कूटी से स्कूल नहीं भेजने की अपील की है।

यातायात पुलिस ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे नाबालिग बच्चों को वाहन न चलाने दें, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें, मोबाइल पर बात करते हुए वाहन न चलाएं तथा यातायात नियमों का पालन कर सड़क सुरक्षा में सहयोग करें।