जगदलपुर में सीरियल स्नैचर गिरफ्तार, 9 झपटमारी की वारदात कबूली; 2.5 लाख का माल बरामद - vedantsamachar.in

जगदलपुर में सीरियल स्नैचर गिरफ्तार, 9 झपटमारी की वारदात कबूली; 2.5 लाख का माल बरामद

जगदलपुर, 07 जुलाई (वेदांत समाचार)। बस्तर पुलिस ने शहर में महिलाओं और युवतियों को निशाना बनाकर झपटमारी करने वाले 19 वर्षीय आरोपी राजमन यादव निवासी ग्राम कुथर, थाना मारडूम को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने कोतवाली और बोधघाट थाना क्षेत्र में कुल 9 झपटमारी की वारदातें करना स्वीकार किया है।

पुलिस के अनुसार आरोपी सुनसान और अंधेरी जगहों पर बाइक से पीछे से आकर महिलाओं के बैग छीनकर फरार हो जाता था। बैग से नकदी और आभूषण निकालने के बाद वह बैग और मोबाइल फेंक देता था। पूछताछ में उसने बताया कि दोस्तों के साथ घूमने-फिरने के लिए पैसे जुटाने के उद्देश्य से वह वारदात करता था।

लगातार बढ़ रही झपटमारी की घटनाओं के बाद पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के निर्देश पर कोतवाली पुलिस और साइबर टीम ने विशेष अभियान चलाया। 6 जुलाई को घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया।

आरोपी की निशानदेही पर 8 बैग, 3 मोबाइल, सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और अन्य दस्तावेज समेत करीब 2.5 लाख रुपये का सामान बरामद किया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।