IGI एयरपोर्ट पर 48 करोड़ का हाइड्रोपोनिक गांजा जब्त – vedantsamachar.in

IGI एयरपोर्ट पर 48 करोड़ का हाइड्रोपोनिक गांजा जब्त

नई दिल्ली,23 मई । इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा पर कस्टम विभाग को ड्रग्स तस्करी के खिलाफ बड़ी कामयाबी मिली है। अधिकारियों ने करीब 48 करोड़ रुपये कीमत का हाइड्रोपोनिक गांजा (मारिजुआना) बरामद करते हुए दो थाई नागरिकों को गिरफ्तार किया है। इसे हाल के वर्षों में एयरपोर्ट पर पकड़ी गई सबसे बड़ी ड्रग्स खेपों में से एक माना जा रहा है।

जानकारी के मुताबिक, दोनों आरोपी 22 मई को Air India की फ्लाइट AI-2356 से बैंकॉक से दिल्ली पहुंचे थे। कस्टम विभाग को पहले से ही संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर इन यात्रियों पर शक था। एयरपोर्ट पर पहुंचने के बाद दोनों यात्री ग्रीन चैनल पार कर बाहर निकलने की कोशिश कर रहे थे, तभी निगरानी टीम ने उन्हें रोक लिया।

जांच के दौरान दोनों यात्रियों के बैग से छह वैक्यूम-सील पैकेट बरामद किए गए। इनमें हाइड्रोपोनिक गांजा छिपाकर रखा गया था। अधिकारियों के अनुसार, एक यात्री के सामान से करीब 29 किलो और दूसरे के बैग से लगभग 19 किलो गांजा मिला। कुल 47.805 किलो मादक पदार्थ जब्त किया गया है।

कस्टम विभाग के मुताबिक अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस ड्रग्स की कीमत लगभग 48 करोड़ रुपये आंकी गई है। शुरुआती पूछताछ में यह भी संकेत मिले हैं कि आरोपी किसी अंतरराष्ट्रीय ड्रग सिंडिकेट से जुड़े हो सकते हैं और भारत में सक्रिय नेटवर्क तक यह खेप पहुंचाने आए थे।

फिलहाल दोनों विदेशी नागरिकों से पूछताछ जारी है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि दिल्ली में यह ड्रग्स किसे सप्लाई की जानी थी और इस पूरे नेटवर्क के पीछे कौन लोग शामिल हैं।