डोडा,07 जुलाई । जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले के ठठरी कस्बे में मंगलवार तड़के हुई मूसलाधार बारिश के बाद अचानक आए फ्लैश फ्लड ने भारी तबाही मचा दी। पहाड़ियों से आए तेज बहाव के साथ मलबा, बड़े पत्थर और चट्टानें रिहायशी इलाकों तक पहुंच गईं, जिससे कई मकानों, दुकानों और वाहनों को नुकसान पहुंचा। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी जनहानि की सूचना नहीं है। स्थानीय लोगों के अनुसार, रात के अंधेरे में आए तेज बहाव ने लोगों को संभलने का मौका नहीं दिया। सुबह जब लोग घरों से बाहर निकले तो सड़कें मलबे से पटी हुई थीं और कई वाहन मिट्टी व पत्थरों के नीचे दबे मिले। कुछ वाहन तेज बहाव में बहकर चिनाब नदी तक पहुंच गए।
फ्लैश फ्लड के चलते डोडा-किश्तवाड़ राष्ट्रीय राजमार्ग ठठरी के पास अवरुद्ध हो गया, जिससे दोनों जिलों के बीच यातायात प्रभावित रहा। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस और राहत एजेंसियों की टीमें मौके पर पहुंचीं तथा युद्धस्तर पर मलबा हटाने का कार्य शुरू किया। डोडा के डिप्टी कमिश्नर कृष्ण लाल ने बताया कि लगातार भारी बारिश के कारण कई स्थानों पर पहाड़ियों से मलबा और चट्टानें सड़क पर आ गई थीं। प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए प्रभावित मार्गों को साफ कराया और यातायात बहाल करने का काम शुरू कर दिया है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यह घटना बादल फटने (क्लाउडबर्स्ट) की नहीं, बल्कि लगातार हो रही भारी बारिश के कारण आई फ्लैश फ्लड का परिणाम है। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी सूचना की पुष्टि केवल जिला प्रशासन या कंट्रोल रूम से करने की अपील की। गौरतलब है कि पिछले दो दिनों में डोडा और किश्तवाड़ जिलों में फ्लैश फ्लड की यह तीसरी घटना है। लगातार बारिश के चलते पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और मलबा आने का खतरा बना हुआ है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।

