कोल इंडिया के मध्य एवं पश्चिम क्षेत्र के कोयला उपभोक्ताओं की बैठक एसईसीएल मुख्यालय में संपन्न – vedantsamachar.in

कोल इंडिया के मध्य एवं पश्चिम क्षेत्र के कोयला उपभोक्ताओं की बैठक एसईसीएल मुख्यालय में संपन्न



कोल सप्लाई, गुणवत्ता प्रबंधन और लॉजिस्टिक्स को लेकर हुई विस्तृत चर्चा, उपभोक्ताओं के सुझावों पर त्वरित कार्रवाई का आश्वासन


बिलासपुर, 19 मई 2026। कोल इंडिया के मध्य एवं पश्चिम क्षेत्र के पावर तथा एनआरएस सेक्टर के कोयला उपभोक्ताओं की महत्वपूर्ण बैठक मंगलवार को एसईसीएल मुख्यालय, बिलासपुर में आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य उपभोक्ताओं के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करना, कोल सप्लाई व्यवस्था को सुदृढ़ बनाना तथा गुणवत्ता एवं परिचालन संबंधी मुद्दों पर प्रभावी संवाद कायम करना रहा।


बैठक में एसईसीएल के सीएमडी हरीश दुहन, कोल इंडिया के निदेशक (विपणन) मुकेश चौधरी, निदेशक (तकनीकी/संचालन) एन. फ्रैंकलिन जयकुमार तथा निदेशक (योजना/परियोजना) रमेशचंद्र महापात्र सहित एसईसीएल एवं कोल इंडिया के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।


अपने संबोधन में सीएमडी हरीश दुहन ने कहा कि एसईसीएल उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण कोयला उपलब्ध कराने और समयबद्ध डिस्पैच सुनिश्चित करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि कंपनी ने चालू वित्तीय वर्ष में 195 मिलियन टन कोयला उत्पादन तथा 200 मिलियन टन ऑफटेक का लक्ष्य निर्धारित किया है, जिसे दक्षता और समर्पण के साथ हासिल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उपभोक्ता संतुष्टि एसईसीएल की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।


वहीं, कोल इंडिया के निदेशक (विपणन) मुकेश चौधरी ने कहा कि कंपनी उपभोक्ताओं को निर्धारित गुणवत्ता का कोयला उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि कोल सप्लाई को निर्बाध बनाए रखने तथा गुणवत्ता संबंधी समस्याओं और ग्रेड स्लिपेज को न्यूनतम स्तर पर लाने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। बैठक में उपभोक्ताओं द्वारा दिए गए सुझावों और फीडबैक का स्वागत करते हुए उन्होंने भरोसा दिलाया कि महत्वपूर्ण मुद्दों पर त्वरित एवं सकारात्मक कार्रवाई की जाएगी।


कंज़्यूमर मीट में पावर एवं एनआरएस सेक्टर से जुड़ी विभिन्न कंपनियों के लगभग 125 प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। बैठक के दौरान कोल सप्लाई, गुणवत्ता प्रबंधन, लॉजिस्टिक्स और आपसी समन्वय से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।


बैठक में महाप्रबंधक (विक्रय एवं विपणन) अजित चौधरी सहित एसईसीएल और कोल इंडिया के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


इसके बाद शाम को एसईसीएल मुख्यालय स्थित सीएमडी कॉन्फ्रेंस हॉल में कोल इंडिया के निदेशक (विपणन) मुकेश चौधरी और एसईसीएल के सीएमडी हरीश दुहन ने छत्तीसगढ़ स्पॉन्ज आयरन मैन्युफैक्चरिंग एसोसिएशन तथा स्पॉन्ज आयरन उद्योग से जुड़े उपभोक्ताओं के साथ भी बैठक की। इस दौरान उद्योग से संबंधित विभिन्न मुद्दों एवं चुनौतियों पर विस्तार से चर्चा की गई।