यूनिसेफ एवं MCCR ट्रस्ट के सहयोग से SHG सदस्यों का उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित,महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से समुदाय में स्वास्थ्य जागरूकता को मिलेगा नया बल – vedantsamachar.in

यूनिसेफ एवं MCCR ट्रस्ट के सहयोग से SHG सदस्यों का उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित,महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से समुदाय में स्वास्थ्य जागरूकता को मिलेगा नया बल

कोरबा, 19 मई 2026। जिला स्वास्थ्य विभाग कोरबा द्वारा यूनिसेफ छत्तीसगढ़ एवं एमसीसीआर ट्रस्ट के सहयोग से जिला पंचायत सभागार, कोरबा में स्व-सहायता समूह (SHG) की महिला सदस्यों के लिए विशेष उन्मुखीकरण एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समुदाय स्तर पर सिकल सेल रोग, बाल मधुमेह, जन्मजात हृदय रोग तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना और महिलाओं की सामुदायिक भूमिका को सशक्त बनाना रहा।

कार्यक्रम में लगभग 65 स्व-सहायता समूह सदस्यों ने सहभागिता की। प्रशिक्षण सत्र के दौरान प्रतिभागियों को बच्चों में गैर-संचारी रोगों की प्रारंभिक पहचान, समय पर जांच और उपचार की आवश्यकता के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पूर्ण टीकाकरण, पोषण, एनीमिया नियंत्रण, गर्भवती महिलाओं की नियमित जांच एवं संस्थागत प्रसव के महत्व पर भी चर्चा की गई।

विशेषज्ञों ने बाल मधुमेह के प्रमुख लक्षणों—अत्यधिक प्यास लगना, बार-बार पेशाब आना तथा अचानक वजन कम होना—के प्रति जागरूक किया। इसके अलावा सिकल सेल रोग की नियमित जांच एवं परामर्श तथा जन्मजात हृदय रोग से प्रभावित बच्चों की समय पर पहचान और उपचार की आवश्यकता पर भी जानकारी साझा की गई।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं गांव एवं समुदाय स्तर पर स्वास्थ्य जागरूकता फैलाने, गर्भवती महिलाओं और बच्चों को समय पर स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने तथा सकारात्मक व्यवहार परिवर्तन लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। SHG नेटवर्क के माध्यम से स्वास्थ्य संबंधी संदेशों का प्रभावी प्रचार-प्रसार संभव है।

इस अवसर पर जिला पंचायत कोरबा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री दिनेश नाग, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सूर्या नारायण केसरी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्री पद्माकर शिंदे, जिला नोडल सिकल सेल डॉ. बी.आर. रात्रे तथा जिला सलाहकार सिकल सेल श्री अरविंद भारती उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का सफल संचालन यूनिसेफ के स्वास्थ्य विशेषज्ञ डॉ. गजेंद्र सिंह के नेतृत्व एवं उनकी टीम तथा डॉ. डी. श्याम कुमार एवं एमसीसीआर ट्रस्ट के सहयोग से संपन्न हुआ।