रायगढ़ 10 मई 2026। रायगढ़ पुलिस के ऑपरेशन तलाश अभियान के तहत भूपदेवपुर थाना पुलिस को गौवंश तस्करी के मामले में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से नकदी जब्त की है। आरोपियों ने वाहन में फर्जी नंबर प्लेट लगाकर गौवंश को बूचड़खाने पहुंचाने की साजिश रची थी।
जानकारी के अनुसार 28-29 अप्रैल की दरम्यानी रात भूपदेवपुर पुलिस रात्रि गश्त पर थी। इसी दौरान ग्राम कछार क्षेत्र में लाल रंग की संदिग्ध गाड़ी में मवेशियों को क्रूरतापूर्वक भरकर ले जाने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से घेराबंदी की गई।
पुलिस और डायल 112 को देखकर तस्कर वाहन लेकर भागने लगे, लेकिन खेत की मेड़ में गाड़ी फंस गई। इसके बाद आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें दो गौवंश पैर बांधकर बिना चारा-पानी के अमानवीय हालत में मिले, जिन्हें सुरक्षित मुक्त कराया गया। मौके से एक मोबाइल फोन भी बरामद हुआ। पुलिस ने पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच में पता चला कि आरोपियों ने वाहन में मोटरसाइकिल का फर्जी नंबर प्लेट लगाया था। इंजन और चेसिस नंबर सहित तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ग्राम कछार निवासी परशुराम राणा और यादराम राठिया तक पहुंची। पूछताछ में दोनों ने हेमसागर सारथी के साथ मिलकर गौवंश को बूचड़खाने भेजने की योजना स्वीकार की। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

