उज्जैन में ताश के पत्तों की तरह भरभराकर गिरा 2 मंजिला मकान, दबने से बच्चे की मौत, 5 लोग गंभीर, मची अफरा-तफरी - vedantsamachar.in

उज्जैन में ताश के पत्तों की तरह भरभराकर गिरा 2 मंजिला मकान, दबने से बच्चे की मौत, 5 लोग गंभीर, मची अफरा-तफरी

उज्जैन,24 जून। मध्य प्रदेश के उज्जैन में बड़ा हादसा हो गया। दो मंजिला मकान ताश के पत्तों की तरह भरभराकर जमींदोज हो गया। इस भीषण हादसे में 15 वर्षीय किशोर की मलबे में दबने से मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हैं।

खौफनाक मंजर उज्जैन के जीवाजीगंज थाना क्षेत्र के हम्मालवाड़ी इलाके से सामने आया है जहां आज सुबह अचानक चीख-पुकार मच गई। देखते ही देखते एक रिहायशी मकान भरभराकर गिर पड़ा। जिस वक्त यह हादसा हुआ, घर के भीतर 8 लोग मौजूद थे। मकान गिरते ही पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने बिना वक्त गंवाए मलबे को हटाना शुरू किया और दबे हुए लोगों को बाहर निकाला।

पुलिस के मुताबिक, मलबे में दबने के कारण 15 साल के अरशान कुरैशी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, खुर्शीद बी, इकलाश, फरान नाज, शेर मोहम्मद और परवीन बी को बेहद गंभीर हालत में मलबे से निकालकर तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया है, जहां डॉक्टर उनकी जान बचाने की जद्दोजहद में जुटे हैं।

शुरुआती जानकारी के अनुसार, हादसे का कारण पड़ोस में बन रहा हनीफ वरदान वाला का मकान बताया जा रहा है, जिसकी वजह से इस मकान की नींव कमजोर हो गई थी। बताया जा रहा है कि इस मकान में कुल 12 दोस्त रहते थे, जिनमें से 8 लोग हादसे के वक्त अंदर मौजूद थे। फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है और रेस्क्यू ऑपरेशन के साथ ही हादसे के असल कारणों की जांच की जा रही है।