रायपुर, 06 मई (वेदांत समाचार)। रायपुर पुलिस ने चेन झपटमारी की एक वारदात का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी के साथ चोरी का माल खरीदने वाले ज्वेलर्स को भी गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई थाना खम्हारडीह क्षेत्र में दर्ज मामले के तहत की गई, जहां 29 अप्रैल 2026 की सुबह एक महिला के गले से सोने की चेन झपटकर आरोपी फरार हो गया था।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थिया हेमलता वैध ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 29 अप्रैल को सुबह करीब 6:40 बजे शंकर नगर स्थित चावला टावर के पास एक अज्ञात युवक मोटरसाइकिल से आया और उनके गले से सोने की चेन छीनकर फरार हो गया। घटना के बाद पुलिस ने इसे गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच शुरू की।
मामले में पुलिस उपायुक्त उत्तर जोन मयंक गुर्जर, पुलिस उपायुक्त क्राइम एंड साइबर स्मृतिक राजनाला, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम और सहायक पुलिस उपायुक्त पूर्णिमा लामा के निर्देशन में थाना खम्हारडीह की टीम ने काम किया। थाना प्रभारी प्रशिक्षु आईपीएस डॉ. मानसी साकोरे के नेतृत्व में पुलिस टीम और क्राइम ब्रांच ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की जांच की।
जांच के दौरान पुलिस ने लगातार 5 दिनों तक 150 से अधिक CCTV फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान की। इसके बाद विवेक उर्फ छोटू वर्मा (32 वर्ष), निवासी तिल्दा नेवरा को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने लूटी गई सोने की चेन को प्रशांत उर्फ संतु केशरवानी (32 वर्ष) को बेच दिया था। इसके बाद पुलिस ने संबंधित ज्वेलर्स को भी गिरफ्तार किया। पूछताछ में ज्वेलर्स ने चोरी की चेन को गलाने की बात कबूल की।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 16 ग्राम सोना, 1 लाख 50 हजार रुपये नगद और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। दोनों आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है और मामले की आगे की विवेचना जारी है।
इस कार्रवाई को रायपुर पुलिस की त्वरित और तकनीकी जांच का बेहतर उदाहरण माना जा रहा है, जिसमें कम समय में आरोपियों तक पहुंचकर वारदात का खुलासा किया गया।
