छत्तीसगढ़: कोरबा समेत प्रदेश के कई इलाकों में झमाझम बारिश, बिजली आपूर्ति प्रभावित – vedantsamachar.in

छत्तीसगढ़: कोरबा समेत प्रदेश के कई इलाकों में झमाझम बारिश, बिजली आपूर्ति प्रभावित

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदल गया है। कोरबा समेत गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, गरियाबंद, कांकेर, रायपुर और बिलासपुर समेत कई जिलों में आज आंधी-तूफान और गरज-चमक के साथ ही झमाझम बारिश हो रही है, जिससे लोगों को गर्मी और तेज धूप से राहत मिली है। बारिश के कारण तापमान में भी गिरावट आ गई है और ऐसे में मौसम खुशनुमा हो गया है।

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में बदला मौसम का मिजाज

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में पिछले तीन दिनों से मौसम के मिजाज में बदलाव जारी है। दोपहर बाद बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिल रही है। मंगलवार दोपहर बाद भी मौसम का मिजाज बदल गया और आंधी-तूफान के साथ बारिश हो रही है, जिससे साप्ताहिक बाजार अस्त व्यस्त हो गया है। दुकानदारों की दुकानें बारिश से खराब हो गई। साथ ही बारिश से मौसम खुशनुमा हो गया है।

गरियाबंद में हुई बे-मौसम बारिश

गरियाबंद में भी तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश हो रही है, जिससे लोगों को गर्मी से भारी राहत मिली है। वहीं बारिश के बाद मौसम भी खुशनुमा हो गया है, लेकिन इस बारिश से तेंदूपत्ता को भारी नुकसान हो सकता है। इसको लेकर अब ग्रामीणों के माथे पर चिंता की लकीरें हैं।

चारामा में बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त

कांकेर जिले के चारामा में मंगलवार दोपहर बाद मौसम का मिजाज बदल गया और तेज आंधी-तूफान के साथ झमाझम बारिश हुई। करीब एक घंटे की इस बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। तेज हवाओं और बारिश के कारण बिजली व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हुई है। कई इलाकों में बिजली आपूर्ती ठप हो गई है। कई जगहों पर पेड़ गिरने से सामान खराब होने की भी खबर सामने आई है।

अगले तीन दिन कैसा रहेगा मौसम ?

मौसम विभाग ने अगले 3 दिनों में पूरे छत्तीसगढ़ में तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है। साथ ही अधिकतम तापमान में 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। इसके बाद तापमान में धीरे-धीरे वृद्धि होने के आसार हैं।