नई दिल्ली 4 मई 2026 । बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा की बड़ी जीत पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि लोगों ने घुसपैठियों को मुंहतोड़ जवाब दिया है। उन्होंने इस जनादेश को जनता की स्पष्ट इच्छा बताया। अमित शाह ने आगे कहा कि बंगाल की जनता ने घुसपैठ, तुष्टीकरण और हिंसा की राजनीति को नकारते हुए विकास, सुरक्षा और सुशासन की राह चुनी है।
अमित शाह की ओर ये यह बयान ऐसे समय में आया है जब भाजपा ने बंगाल में अपनी सीटों में जबरदस्त वृद्धि की है, और पहली बार बंगाल में सरकार बनाने जा रही है।
नरेंद्र मोदी के नेतृत्व को जनादेश का मुख्य आधार बताया
इंटरनेट मीडिया एक्स पर पोस्ट कर अमित शाह ने बंगाल की जनता को धन्यवाद देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व को जनादेश का मुख्य आधार बताया। उन्होंने लिखा कि बंगाल की जनता को लाखों सलाम। यह जोरदार जनमानस उन लोगों के प्रति करारा जवाब है जो भय फैलाते हैं, तुष्टीकरण करते हैं और घुसपैठियों को संरक्षण देते हैं। अमित शाह ने इसे टीएमसी के भय के मुकाबले प्रधानमंत्री मोदी में जनता के विश्वास की जीत बताया। भाजपा के संगठनात्मक विस्तार पर जोर देते हुए गृह मंत्री ने कहा कि मेरे जैसे हर भाजपा कार्यकर्ता के लिए यह गर्व का क्षण है कि गंगोत्री में गंगा माता के उद्गम स्थल से लेकर गंगासागर तक आज भाजपा का भगवा झंडा हर जगह शान से लहरा रहा है।
कार्यकर्ताओं के बलिदानों, संघर्षों और शहादतों का परिणाम
उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं के संघर्ष और बलिदान को याद करते हुए कहा कि बंगाल में भाजपा की यह ऐतिहासिक जीत हमारे अनगिनत कार्यकर्ताओं के बलिदानों, संघर्षों और शहादतों का परिणाम है। यह उन परिवारों के धैर्य की जीत है, जिन्होंने हिंसा सहते हुए भी भगवा झंडा कभी नहीं छोड़ा। उन्होंने आगे लिखा कि भाजपा के शून्य से आज के शानदार बहुमत तक के इस कठिन सफर में मैं उन सभी कार्यकर्ताओं को नमन करता हूं जिन्होंने अपने प्राणों की आहुति दी, हिंसा सही, यातनाएं झेलीं और फिर भी विचारधारा के मार्ग से कभी विचलित नहीं हुए। उनके परिवारों को भी नमन।
‘सोनार बांग्ला’ के सपने को साकार करने के लिए काम
भविष्य की दिशा स्पष्ट करते हुए शाह ने आश्वासन दिया कि बंगाल ने मोदी जी के नेतृत्व में जो आशा और आकांक्षा व्यक्त की है, हम उसे निश्चित रूप से पूरा करेंगे। भाजपा बंगाल की खोई हुई गरिमा को पुनर्स्थापित करने और ‘सोनार बांग्ला’ के सपने को साकार करने के लिए दिन-रात काम करेगी। उन्होंने कहा कि बंगाल चैतन्य महाप्रभु, स्वामी विवेकानंद, कवि गुरु टैगोर, नेताजी सुभाष चंद्र बोस और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जैसे महान व्यक्तित्वों का घर रहा है।
शाह ने असम की जनता को ऐतिहासिक हैट्रिक जनादेश के लिए बधाई दी और इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राजग सरकार द्वारा पिछले 10 वर्षों में एक सुरक्षित, शांतिपूर्ण और प्रगतिशील राज्य के निर्माण के लिए किए गए अथक प्रयासों का सशक्त समर्थन बताया।
उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, ‘यह असीम स्नेह और सहयोग आपको और भी बेहतर सेवाएं प्रदान करने और आपकी आशाओं और आकांक्षाओं को पूरा करने के हमारे संकल्प को मजबूत कर रहा है।”
मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के नेतृत्व में भाजपा की डबल इंजन सरकार में अटूट विश्वास का प्रमाण है, जिसने असम को अशांति की भूमि से आशा और विकास की भूमि में बदल दिया है। उन्होंने राजग को अधिक वोट शेयर देने के लिए केरल की जनता के प्रति भी आभार व्यक्त किया।

