नई दिल्ली,02 जुलाई : Sebastien Desabre, FIFA World Cup 2026: फीफा वर्ल्ड कप 2026 के नॉकआउट मुकाबले में इंग्लैंड से मिली 1-2 की करीबी हार के बाद डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो के हेड कोच सेबेस्टियन देसाब्रे पर दुखों का पहाड़ टूट गया है. मैच खत्म होने के बाद जब फ्रांसीसी कोच प्रेस कॉन्फ्रेंस में पत्रकारों के सवालों के जवाब दे रहे थे, तभी लाइव टीवी पर उन्हें अपने पिता के निधन की दुखद खबर मिली. इस दिल तोड़ देने वाले पल के बाद पूरी प्रेस कॉन्फ्रेंस को तुरंत बीच में ही रोक दिया गया. सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो जमकर वायरल हो रहा है.
लाइव टीवी पर मीडिया ऑफिसर ने दी जानकारी
मैच के बाद आयोजित हुई इस आधिकारिक प्रेस कॉन्फ्रेंस में सेबेस्टियन देसाब्रे अपनी टीम के ऐतिहासिक वर्ल्ड कप सफर और इंग्लैंड के खिलाफ प्रदर्शन पर संजीदगी और शांति के साथ बात कर रहे थे. तभी टीम के मीडिया ऑफिसर ने बीच में दखल देते हुए एक गंभीर घोषणा की. मीडिया ऑफिसर ने माइक्रोफोन पर फ्रांसीसी भाषा में कहा, ‘आप सभी का धन्यवाद, लेकिन हम यहां यह घोषणा कर रहे हैं कि हमारे हेड कोच ने अपने पिता को खो दिया है. हमारी ओर से उनके प्रति गहरी और सच्ची संवेदनाएं.’
यह खबर सुनते ही 49 साल देसाब्रे पूरी तरह स्तब्ध रह गए. कैमरे के सामने अपने आंसुओं और भावनाओं को संभालते हुए उन्होंने काफी धीमी और कांपती आवाज में सिर्फ धन्यवाद कहा और तुरंत अपनी सीट से उठकर बाहर चले गए. इसके बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस को वहीं खत्म कर दिया गया. रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसके तुरंत बाद वो अपने घर लौटने के लिए एयरपोर्ट के लिए रवाना हो गए.
कांगो की टीम का ऐतिहासिक प्रदर्शन
इस व्यक्तिगत त्रासदी से कुछ ही मिनट पहले मैदान पर डीआर कांगो की टीम का ऐतिहासिक सफर खत्म हुआ.1974 के बाद पहली बार वर्ल्ड कप के लिए क्वालिफाई करने वाली कांगो की टीम ने टॉप-32 तक का सफर तय किया. कांगो के इस शानदार सफर के पीछे सेबेस्टियन देसाब्रे की रणनीतियों का बड़ा हाथ रहा. जिसके चलते टूर्नामेंट के इतिहास में कांगो की नेशनल टीम ने अपना पहला गोल, अपनी पहली जीत दर्ज की और 2026 में नॉकआउट स्टेज में ऐतिहासिक स्थान हासिल किया.

