रायपुर, 02 जुलाई (वेदांत समाचार)। राजधानी रायपुर में ड्यूटी के दौरान लापरवाही बरतने वाले डायल-112 में तैनात एक आरक्षक के खिलाफ पुलिस विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। मध्य क्षेत्र के पुलिस उपायुक्त (DCP) उमेश प्रसाद गुप्ता ने आरक्षक क्रमांक 1250 संदीप शर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन के साथ उन्हें रक्षित केंद्र रायपुर संबद्ध किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार, 30 जून 2026 की रात लगभग 11 बजे सिटी सेंटर मॉल के सामने सर्विस रोड पर कार और बाइक के बीच दुर्घटना होने की सूचना डायल-112 को प्राप्त हुई थी। आरोप है कि सूचना मिलने के बावजूद डायल-112 में तैनात आरक्षक संदीप शर्मा निर्धारित समय पर मौके पर नहीं पहुंचे और घटना स्थल पर विलंब से पहुंचे। इतना ही नहीं, मौके पर उनका व्यवहार भी अपेक्षित पुलिस आचरण के अनुरूप नहीं पाया गया।
पुलिस विभाग ने इस पूरे मामले को गंभीर अनुशासनहीनता और कर्तव्य के प्रति लापरवाही मानते हुए तत्काल प्रभाव से आरक्षक को निलंबित करने का निर्णय लिया। विभागीय आदेश के अनुसार निलंबन अवधि के दौरान आरक्षक को नियमानुसार निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा।

मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए पुलिस उपायुक्त उमेश प्रसाद गुप्ता ने थाना प्रभारी देवेंद्र नगर को प्राथमिक जांच के निर्देश दिए हैं। आदेश में कहा गया है कि पूरे मामले की जांच कर सात दिनों के भीतर विस्तृत जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जाए, ताकि तथ्यों के आधार पर आगे की विभागीय कार्रवाई की जा सके।
पुलिस विभाग की इस कार्रवाई को ड्यूटी में लापरवाही के मामलों में ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति के तहत देखा जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि आपातकालीन सेवा डायल-112 का उद्देश्य दुर्घटना और अन्य आपात स्थितियों में त्वरित सहायता उपलब्ध कराना है। ऐसे में किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनुशासनहीनता को गंभीरता से लिया जाएगा और दोषी पाए जाने वाले कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

