FIFA World Cup 2026: 10 खिलाड़ियों के साथ अमेरिका की ऐतिहासिक जीत, गोल करने वाले पर क्यों लगा 1 मैच का बैन? - vedantsamachar.in

FIFA World Cup 2026: 10 खिलाड़ियों के साथ अमेरिका की ऐतिहासिक जीत, गोल करने वाले पर क्यों लगा 1 मैच का बैन?

नई दिल्ली ,02 जुलाई: USA vs Bosnia and Herzegovina, FIFA World Cup: फीफा वर्ल्ड कप 2026 के ‘राउंड ऑफ 32’ में USA ने भारी दबाव के आगे घुटने टेकने के बजाय इतिहास रच दिया है. 2 जुलाई को कैलिफोर्निया के लेवीस स्टेडियम में खेले गए रोमांचक मुकाबले में अमेरिकी टीम ने बोस्निया-हर्जेगोविना को 2-0 से हरा दिया. इस मैच के आखिरी 26 मिनट 10 खिलाड़ियों के साथ खेलने के बावजूद अमेरिका ने यह जीत हासिल की, जो उनके फुटबॉल इतिहास में केवल दूसरी मौका है जब उन्होंने वर्ल्ड कप का कोई नॉकआउट मुकाबला जीता हो. इस ऐतिहासिक जीत के नायक फोलारिन बालोगुन और मलिक टिलमैन रहे, जिन्होंने अपने शानदार प्रदर्शन से अमेरिका को राउंड ऑफ 16 का टिकट दिला दिया, जहां अब उनका सामना बेल्जियम से होगा.

बालोगुन ने दागा पहला गोल
मैच के पहले हाफ में अमेरिकी फॉरवर्ड फोलारिन बालोगुन पूरी तरह छाए रहे. मैच के 31वें मिनट में बालोगुन ने गेंद को नेट में डाला, लेकिन रेफरी ने इसे ऑफसाइड करार दिया. हालांकि, 45वें मिनट में आखिरकार उन्हें सफलता मिल ही गई. वो इस मैच में अमेरिका के लिए पहला गोल करने में कायमाब रहे. यह बालोगुन का इस टूर्नामेंट का तीसरा गोल था. इस गोल के बाद बालोगुन ने एनबीए (NBA) के महान बास्केटबॉल खिलाड़ी लेब्रॉन जेम्स के मशहूर ‘द साइलेंसर’ अंदाज में जश्न मनाया.

दूसरे हाफ में मिला रेड कार्ड और 1 मैच का बैन
लेकिन दूसरे हाफ की शुरुआत में अमेरिका को एक बड़ा झटका लगा. बोस्निया के खिलाड़ी तारीख मुहारेमोविक के टखने पर पैर रखने के कारण ब्राजीलियाई रेफरी राफेल क्लॉस ने वीडियो रिव्यू (VAR) की मदद ली और बालोगुन को सीधे रेड कार्ड दिखाकर मैदान से बाहर भेज दिया. इसके चलते अमेरिकी टीम को मैच के आखिरी 26 मिनट केवल 10 खिलाड़ियों के साथ खेलना पड़ा. इस सस्पेंशन के कारण बालोगुन अब बेल्जियम के खिलाफ अगले मैच में नहीं खेल पाएंगे.

इसी के साथ ही बालोगुन वर्ल्ड कप के इतिहास में रेड कार्ड पाने वाले पांचवें अमेरिकी खिलाड़ी बन गए हैं. उनसे पहले एरिक विनाल्डा (1990), फर्नांडो क्लाविजो (1994), पाब्लो मास्ट्रोएनी (2006) और एडी पोप (2006) यह अनचाहा रिकॉर्ड अपने नाम कर चुके हैं.

मलिक टिलमैन की जादुई फ्री-किक ने पक्की की जीत
10 खिलाड़ियों के रह जाने के बावजूद अमेरिकी डिफेंस ने गजब का खेल दिखाया. वहीं, मैच के 82वें मिनट में अमेरिका को पेनाल्टी एरिया के ठीक बाहर एक फ्री-किक मिली. युवा सनसनी मलिक टिलमैन ने इस मौके पर एक शानदार शॉट लगाया. बोस्निया के गोलकीपर वासिल ने गेंद को छूने की कोशिश जरूर की, लेकिन शॉट में इतनी ताकत और सटीकता थी कि वह गेंद को नेट में जाने से नहीं रोक सके. टिलमैन के इस गोल के साथ ही पूरा लेवीस स्टेडियम जश्न के सागर में डूब गया और स्कोर 2-0 होने के साथ ही अमेरिका की जीत पूरी तरह पक्की हो गई.