धमतरी, 4 अप्रैल 2026। धमतरी पुलिस ने गौवंशों के अवैध और क्रूरता पूर्वक परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 9 बछड़ों को सुरक्षित बरामद किया है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की गई है।
जानकारी के अनुसार, मगरलोड थाना क्षेत्र अंतर्गत चौकी करेलीबड़ी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक महिंद्रा बोलेरो पिकअप वाहन में गौवंशों को ठूंस-ठूंसकर, बिना चारा-पानी के अमानवीय तरीके से परिवहन किया जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने ग्राम करेलीबड़ी के नंगरा नाला, बजरंग बली मंदिर के पास घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका।
जांच के दौरान वाहन में 9 गौवंश (7 लाल और 2 सफेद बछड़े) अत्यंत खराब स्थिति में भरे हुए पाए गए। मौके पर वाहन चालक अभिलाष कुमार साहू (25) और उसका साथी राहुल यादव (27), दोनों निवासी बरबसपुर, जिला दुर्ग को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। आरोपियों के पास गौवंश परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं पाए गए।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषिक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने बोलेरो पिकअप वाहन, संबंधित दस्तावेज और सभी 9 गौवंश को जब्त किया है। बरामद गौवंशों को सुरक्षित रखने के लिए गौशाला भेजा गया है।
धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि इस प्रकार की अवैध गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि पशुओं के प्रति क्रूरता पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
