रायपुर, 01 मई (वेदांत समाचार)। राजधानी रायपुर में असामाजिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने एक युवक को धारदार चाकू के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी आम लोगों को डराने-धमकाने के इरादे से सार्वजनिक स्थान पर चाकू लहरा रहा था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 30 अप्रैल 2026 को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट रायपुर और थाना सिविल लाइन पुलिस की संयुक्त टीम को सूचना मिली कि सिविल लाइन थाना क्षेत्र के न्यू शांति नगर स्थित दलजीत अपार्टमेंट के पास एक युवक हाथ में चाकू लेकर गली में घूमते हुए लोगों को डरा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।
पकड़े गए आरोपी की पहचान सावन बघेल (19 वर्ष) के रूप में हुई है, जो गांधी नगर इलाके का रहने वाला है। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक धारदार चाकू बरामद किया गया, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 248/26 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने के लिए इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

