ShakthiSAT Mission के लिए रायपुर की छात्रा महिमा राजपूत का चयन, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दी बधाई - vedantsamachar.in

ShakthiSAT Mission के लिए रायपुर की छात्रा महिमा राजपूत का चयन, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दी बधाई

रायपुर, 28 जून 2026 (वेदांत समाचार)। अंतरराष्ट्रीय ShakthiSAT Mission के लिए रायपुर की 14 वर्षीय प्रतिभाशाली छात्रा महिमा राजपूत का चयन होने पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने इसे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व और प्रेरणा का क्षण बताया।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि महज 14 वर्ष की आयु में 108 देशों के विद्यार्थियों के साथ इस प्रतिष्ठित अंतरिक्ष मिशन में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए चयनित होना महिमा राजपूत की असाधारण प्रतिभा, कड़ी मेहनत और समर्पण का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महिमा राजपूत ने अपनी लगन और प्रतिभा के दम पर न केवल अपने माता-पिता, बल्कि पूरे प्रदेश का नाम रोशन किया है। उनकी सफलता यह साबित करती है कि छत्तीसगढ़ की बेटियां अवसर मिलने पर अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा सकती हैं।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि महिमा राजपूत की यह उपलब्धि प्रदेश के लाखों युवाओं, विशेषकर बेटियों को बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने की प्रेरणा देगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विज्ञान, नवाचार और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने तथा प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने महिमा राजपूत को पुनः बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और विश्वास जताया कि वे भविष्य में भी देश और छत्तीसगढ़ का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करती रहेंगी।