CRIME NEWS: ऊंचे ब्याज पर रकम देकर ग्रामीणों को प्रताड़ित करने वाला आरोपी गिरफ्तार, 8 बाइक जब्त

रायगढ़, 4 अप्रैल 2026। रायगढ़ पुलिस ने ग्रामीणों को ऊंचे ब्याज पर रकम देकर प्रताड़ित करने वाले एक आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया है। थाना साइबर और लैलूंगा पुलिस की संयुक्त टीम ने ग्राम भकुर्रा निवासी चूड़ामणि गुप्ता के कब्जे से 8 मोटरसाइकिल और हिसाब-किताब से संबंधित रजिस्टर जब्त किया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ग्रामीणों को 3 प्रतिशत मासिक ब्याज पर रकम उधार देता था और बदले में उनकी मोटरसाइकिल, सोना-चांदी व अन्य कीमती सामान गिरवी रखता था। बाद में वह उधार ली गई राशि और ब्याज की वसूली के लिए ग्रामीणों पर दबाव बनाकर उन्हें प्रताड़ित करता था।

मामले का खुलासा उस समय हुआ जब पुलिस टीम चोरी की बाइक की जांच कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि चूड़ामणि गुप्ता के पास बड़ी संख्या में मोटरसाइकिलें रखी गई हैं। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें अवैध रूप से ब्याज पर पैसा देने की बात सामने आई।

एक पीड़ित ग्रामीण रामप्रसाद रतिया ने शिकायत में बताया कि उसने आर्थिक तंगी के चलते आरोपी से 12 हजार रुपये उधार लिए थे और अपनी मोटरसाइकिल गिरवी रखी थी। कई महीनों तक ब्याज चुकाने के बावजूद आरोपी द्वारा लगातार दबाव बनाकर उसे प्रताड़ित किया जा रहा था।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ ऋणियों के संरक्षण अधिनियम (कर्जा एक्ट) की धारा 4 के तहत मामला दर्ज किया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने नागरिकों से अपील की है कि वे केवल बैंक और वैध वित्तीय संस्थाओं से ही ऋण लें। उन्होंने कहा कि अवैध रूप से ब्याज पर रकम देकर लोगों को परेशान करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।